रामरूप राय/समस्तीपुर: मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के थाना चौक के निकट, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के द्वारा, आयोजित 88वें त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में, एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें अमरनाथ शिव बाबा एवं विश्व महाराजन श्री नारायण व विश्व महारानी श्री लक्ष्मी जी की झांकी बनाई गई, और सैकड़ों भाई-बहन शान्तिदूत बनकर स्थानीय सेवाकेंद्र से चलकर शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए वापस स्थानीय सेवाकेंद्र पर आकर यात्रा को संपन्न किए।

इसके पूर्व थानाध्यक्ष गौरव कुमार, विधायक प्रतिनिधि रवीश कुमार, प्रमुख साहित्यकार ईश्वर करुण ने, संयुक्त रुप से झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ कराया। पूरे रास्ते में भगवान शिव के संदेश के सुंदर-सुंदर गीत एवं संदेश-पत्र बांटते हुए, सबको कार्यक्रम में आने का आह्वान किया गया।

शिव भोलेनाथ बाबा की अति सुंदर झांकी रथ पर सजाई गई, जो अति मनमोहक व आकर्षित करने वाली थी। झांकी का यह संदेश था कि शिव भोलेनाथ बाबा अभी सभी आत्माओं को अमरकथा सुनाकर अमर बनाने अर्थात् अकाल-मृत्यु से अनेकानेक जन्मों के लिए मुक्त करने भारत भूमि पर अवतरित हो चुके हैं, और अपना दिव्य कर्तव्य कर रहे हैं।

अभी ही वह समय है जब हम निराकार परमपिता परमात्मा शिव से सर्व प्राप्तियां व जन्म-जन्म की मनोकामनाएं पूरी करने का वरदान प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर आशा बहन ने समस्त प्रखंड वासियों को बृहस्पतिवार को स्थानीय सेवाकेंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में सपरिवार इष्ट-मित्रों सहित पधारने का आह्वान भी किया। इस शोभा यात्रा में मुख्य रूप से सुरेंद्र राय मुखिया, मनोज प्रसाद, बृजेश खत्री, अनिल, राजवीर, राकेश, शशि रंजन, दिलीप, सुशीला बहन, मंजू माता समेत दर्जनों भाई-बहन शामिल थे।







