नसीब लाल झा/समस्तीपुर: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ गांव में संचालित, अंबेडकर आवासीय विद्यालय की 3 बच्चियां शुक्रवार 23 फरवरी की सुबह विद्यालय परिसर में ही, अचानक बेहोश हो गयीं। बच्चियों के बेहोश होते ही विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल हो गया। आवासीय विद्यालय के शिक्षकों ने सभी बच्चियों को तत्काल सदर अस्पताल समस्तीपुर में ईलाज के लिए भर्ती कराया।

जहां बीमार सभी बच्चियों का ईलाज किया जा रहा है। हालांकि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने किसी भी प्रकार के फूड प्वायजनिंग की घटना से इनकार किया है। बताया जाता है कि, अंबेडकर आवासीय विद्यालय परिसर में सुबह 10 बजे, प्रार्थना खत्म होने के बाद, वर्ग कक्ष में जाने के दौरान एक-एक कर 3 छात्राओं के बीमार पड़ने से, विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान छात्राओं के साथ साथ वहां का कर्मी भी परेशान हो उठे। ऐसा क्यों हुआ यह जब तक लोग समझते एक-एक कर तीनों छात्राएं बेहोश हो गईं। इसके बाद तो विद्यालय में अध्ययनरत अन्य छात्राएं भी सहम गईं, और विद्यालय कर्मी के हाथ-पांव फूलने लगे। आनन फानन में सभी बीमार छात्राओं को तत्काल सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया गया। जहां सभी का ईलाज जारी है। जहां ईलाज के बाद तीनों बच्चियों की हालत में काफी हद तक सुधार देखा जा रहा है। छात्राएं क्यों बीमार हुईं इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। हालांकि इस संबंध में अंबेडकर आवासीय विद्यालय के शिक्षक दिलीप पासवान का बताना है कि, दो बच्चियों को एक दिन पूर्व से फीवर आ रहा था, तथा एक अन्य बच्ची को उल्टी की शिकायत थी। जिसका ईलाज किया जा रहा था कि, इसी दौरान तीनों बच्चियां आज सुबह बेहोश हो गयी। जिसे ईलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया गया है।







