अरविन्द कुमार/समस्तीपुर: [बिहार की आवाज] समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के अलग अलग स्थानों पर शनिवार 11 मई को, एनडीए प्रत्याशी शाम्भवी की जीत सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से, समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के अलग अलग स्थानों पर, बिहार सरकार के कई दिग्गजों को अपना पसीना बहाते देखा गया। जिसमें कुशेश्वरस्थान में चिराग पासवान, वारिसनगर में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कल्याणपुर में उमेश कुशवाहा व ताजपुर में मंत्री श्रवण कुमार ने रोड-शो कर, मतदाता मालिकों से, शाम्भवी के चुनाव चिन्ह हेलिकॉप्टर पर वोट देने की अपील की।

इस दौरान मौजूद लोगों को आगाह करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि, अगर कांग्रेस की सरकार सत्ता में वापस आती है तो, सभी की परिसंपत्ति पर 55 प्रतिशत का विरासत टैक्स लगा दिया जाएगा, तथा गरीबों को मिलने वाला अनाज और किसानों को मिलने वाले सम्मान राशि के पैसे को भी बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान मौके पर मौजूद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि, हजारी परिवार को समस्तीपुर की जनता कभी माफ़ नहीं करेगी। हजारी परिवार ने उनके पिता जी के देहांत के बाद से ही, उनके परिवार को तोड़ने का काम किया है, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नही पड़ा है। आज समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में उनकी बहन शाम्भवी को समस्तीपुर की जनता का भरपुर समर्थन मिल रहा है। जिससे स्पष्ट हो गया है कि, शाम्भवी से ही समस्तीपुर का विकास संभव है, क्योंकि रोड शो के दौरान वह जहां भी जाते हैं, घर के छतों से फूलों की बारिश की जा रही है, साथ ही इस दौरान चौक-चौराहों पर काफी जनसैलाब भी देखने को मिल रहा है। इस दौरान श्री पासवान ने आशा जाहिर करते हुए कहा कि, लोगों से मिल रहे इस अपार समर्थन को देखने से ऐसा लग रहा है कि, हेलिकॉप्टर निशान पर वोट देकर कर समस्तीपुर वासियों ने, इस देश को सबसे कम उम्र का सांसद देने का मन बना लिया है। आयोजित इस रोड शो में एनडीए के घटक दलों के नेताओं समेत हजारों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।








