समस्तीपुर/अरविन्द कुमार: [बिहार की आवाज] लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान जिले के उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र, व समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में सोमवार 13 मई को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। इस दौरान अहले सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्र पर बड़े बुजुर्ग व महिला मतदाता कतारबद्ध होकर मतदान करते नजर आए।

इस दौरान युवा मतदाताओं ने भी रोजगार के नाम पर, अपने मताधिकार का जमकर प्रयोग किया। इस दौरान कई मतदान केंद्रों पर देर शाम तक मतदाताओं की लंबी कतारें भी लगी रही। जहां शाम पांच बजे के बाद कतार में खड़े वोटरों की गिनती कर क्रम संख्या का उपयोग करते हुए, मतदान कराया गया। आपको बता दें कि, धूप के कड़े तेवर को देखते हुए सोमवार 13 मई की सुबह सात बजे से ही, मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच, मतदान प्रारंभ हो गया था। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थी।

जैसे जैसे समय बीतता जा रहा था, मतदाताओं का उत्साह और भी बढ़ता ही जा रहा था। इस दौरान उम्मीदवारों के कुछ पोलिंग एजेंट भी, घूम घूम कर वोटरों को उनके घर से निकालकर मतदान केंद्र तक ले जाते दिखे। इस दौरान महिला मतदाताओं ने भी जमकर अपने मत का प्रयोग किया। इस दौरान जिला मुख्यालय के महिला कॉलेज स्थित, मतदान केंद्र को दुलहन की तरह सजाया गया था। इस मतदान केंद्र पर आकर्षक साज सज्जा के साथ सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया था। जहां मतदाता मतदान के बाद अपने मोबाइल से सेल्फी भी लेते नजर आए। इस दौरान लोकतंत्र को मजबूत करने में बुजुर्ग और दिव्यांगों ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। जिसका जीता जागता उदाहरण उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 96 पर देखने को मिला।

जहां अपने बच्चों का भविष्य चुनने वाले उम्मीदवार को अपना वोट देने आई 95 वर्षिया एक बुजुर्ग महिला दिखाई दी। इसी तरह सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के भी एक मतदान केंद्र पर 101 वर्षिया एक बुजुर्ग महिला मतदान करने पहुंची, जहां चलने में असमर्थ मतदाता अपने परिजनों के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे, और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान कर उन्होंने ऐसे लोगों के लिए नजीर पेश किया। जाे सही सलामत रहते हुए भी वोट डालने में आलस कर रहे थे।

उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत स्थित, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लखनीपुर महेशपट्टी गंगा सागर पोखर के बूथ संख्या 96 पर, अपने मत का प्रयोग करने पहुंची 95 वर्षिया सरयुगिया देवी का कहना है कि, वह चलने में असमर्थ हैं, फिर भी वह अपने प्रपौत्री को साथ लेकर मतदान करने पहुंची हैं, ताकि एक सशक्त सरकार के गठन में वह अपना योगदान कर सकें।

इस दौरान जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों पर जवान पूरी तरह मुस्तैद रहे। प्रशासनिक स्तर पर मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों के साथ साथ पदाधिकारियों को भी तैनात किया गया था। मतदान केंद्र के अंदर सिर्फ मतदाताओं और चुनाव कार्य में लगाए गए पदाधिकारियों को ही जाने की अनुमति थी। इस दौरान पुलिस प्रशासन के अधिकारी स्वंय हालात पर नजर बनाए हुए थे। जबकि पुलिस के गश्ती दल क्षेत्र में विधि व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे।

वहीं बंगरा थानाध्यक्ष मनिषा कुमारी, नगर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार व मुफस्सिल थानाध्यक्ष पिंकी प्रसाद ने अपने अपने थाना क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा भी लिया। मतदान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। साथ ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए लोगों से मतदान करने का भी अपील किया।

शहर से सटे राजकीय मध्य विद्यालय अनुसूचित जाति टोल कर्पूरीग्राम के मतदान केंद्र संख्या 64 पर, सुबह सुबह स्थानीय राज्य सभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने, अपनी पुत्री डॉ स्नेहा और अमृता कुमारी के साथ कतार में खड़े होकर मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान राज्य सभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने कहा कि, मताधिकार सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सभी मतदाताओं को अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान अवश्य करना चाहिए। हमने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए और अच्छी सरकार बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

इस दौरान स्थानीय विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए, अन्य लोगों से भी अपने मताधिकार का प्रयोग का अपील किया।







