नसीब लाल झा/सरायरंजन:[ समस्तीपुर ] थाना क्षेत्र के शीतलपट्टी चौक पर अनियंत्रित टाटा 407 की चपेट में आकर, बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरायरंजन में भर्ती कराया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया।

हालांकि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के डॉक्टरों द्वारा, घायल युवक को रेफर किए जाने के बाद, घायल युवक के परिजनों ने युवक की मौत हो जाने के बाद रेफर किए जाने का आरोप लगाते हुए, मृत युवक के शव को एंबुलेंस में रखकर प्रखंड मुख्यालय के सामने डॉक्टरों के खिलाफ, लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे। वहीं घटना की सुचना मिलने के बाद सरायरंजन थाने के अपर थानाध्यक्ष शिम्पी कुमारी सदल बल मौके पर पहुंच, आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा, मृत युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर, पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजने की तैयारी में जुट गयी थी। मृत्यु युवक की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के शीतलपट्टी गांव निवासी, लालबाबू राय के 18 वर्षिय सिंटू कुमार के रूप में की गयी है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का बताना है कि, मृतक घरेलू सामान की खरीदारी करने अपने घर शीतलपट्टी से सरायरंजन बाजार की ओर जा रहा था। उसी दौरान बसढ़िया सरायरंजन पथ पर शीतलपट्टी चौक के पास, बसढ़िया की ओर से आकर सरायरंजन की ओर जा रही टाटा 407 ट्रक ने, बाईक सवार उक्त युवक को अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे स्थानीय लोगों ने ईलाज के लिए तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरायरंजन में भर्ती कराया। जहां ईलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गयी। जिसके बाद पीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने मृत युवक को ही सदर अस्पताल ईलाज के लिए रेफर कर दिया। जिससे आक्रोशित होकर स्थानीय लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। बाद में पहुंची सरायरंजन थाने की पुलिस ने, आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, तथा मृत युवक के शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजने की तैयारी में जूट गयी है। उधर घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सभी लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। घटना के बाद से पुरे शीतलपट्टी गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं इस बाबत पुछे जाने पर सरायरंजन थाना के अपर थानाध्यक्ष शिम्पी कुमारी ने बताया कि, सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी है। शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजने की तैयारी की जा रही है। मृतक के परिजनों द्वारा अभी तक घटना से संबंधित आवेदन उपलब्ध नही कराया गया है। आवेदन मिलने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।







