अरविन्द कुमार/अमित कुमार: [समस्तीपुर] अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के युवा प्रभाग द्वारा, बाईपास रोड स्थित पीडब्ल्यू विद्यापीठ पाठशाला परिसर में, नीट एवं जेईई परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवा प्रभाग द्वारा देश भर में लॉन्च किए गए इंपैक्ट्स (इंपॉर्टेंट एक्ट्स) कार्यक्रम के बारे में छात्रों को जानकारी दी गयी। इस दौरान बीके तरुण ने बताया कि युवा काल में हमारे द्वारा किए गए छोटे-छोटे सकारात्मक कार्य, हमारे जीवन पर गहरा प्रभाव डालते हैं, और हमारा जीवन समाज के लिए आदर्श बन जाता है।

इंपैक्ट्स कार्यक्रम के तहत 5 क्षेत्र चयनित किए गए हैं। जिसमें स्वयं, समाज, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं जीवन मूल्य को शामिल किया गया है। इसके अभ्यास से हम अपने जीवन में खुशी, निश्चिंतता, एकाग्रता, बड़ों की दुआ एवं दैनिक जीवन में सफलता का अनुभव कर सकते हैं।

यह अभ्यास उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में भी मदद करेगा। इस दौरान लगभग डेढ़ सौ छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत, इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम- विकसित भारत का मंत्र, देश हो नशे से स्वतंत्र के अंतर्गत सभी से नशा मुक्ति का संकल्प करवाया गया।







