अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:[ ताजपुर ] ताजपुर प्रखंड के नेशनल हाईवे स्थित, ताजपुर गांधी चौक पर बुधवार 28 अगस्त को कथित रूप से तेज चलने वाला त्रुटिपूर्ण प्रीपेड स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने को लेकर, भाकपा माले ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया, तथा सरकार विरोधी जोरदार नारे भी लगाए।

भाकपा माले कार्यकर्ता नेशनल हाईवे स्थित ताजपुर गांधी चौक पर इकट्ठा होकर, हाथों में झंडा बैनर एवं मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर गगनभेदी नारे लगाते हुए जुलूस निकाला, जो बाजार क्षेत्र के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः गांधी चौक पहुंचकर बिजली संकट के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए जुलूस सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता खेग्रामस के प्रखंड अध्यक्ष प्रभात रंजन गुप्ता ने किया। सभा का संचालन इंकलाबी नौजवान सभा के प्रखंड उपाध्यक्ष मोहम्मद एजाज ने किया। सभा को संबोधित करते हुए, बतौर मुख्य वक्ता विद्यूत सुधार संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक, सह भाकपा-माले जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि, नीतीश- मोदी के इस डबल इंजन की सरकार में, सबसे गरीब राज्य बिहार में सबसे महंगी बिजली मिल रही है।

यह बिहार के लोगों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि प्रीपेड मीटर इस्तेमाल करने वाले लोगों का अनुभव प्रीपेड मीटर के प्रति बहुत ही खराब है। डिजिटल मीटर का जो बिल आ रहा था, प्रीपेड लगने के बाद ज्यादा बिल आ रहा है। प्रीपेड मीटर कई विसंगतियों का शिकार है।
तेज चलना, शार्ट लगने पर उच्चतर लोड रिकॉर्ड कर उसी के अनुसार सरचार्ज लगना, सर्वर डाउन रहने पर रिचार्ज नहीं होना, कई बार रिचार्ज करने के बाबजूद बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होना, मीटर एवं सेवा शुल्क ज्यादा लगना, बीच-बीच में अतिरिक्त पैसा अपने आप कट जाना, जैसे कई गड़बड़ियां है।
माले नेता ने कहा कि सरकार अडानी को फायदा पहुंचाने के सोची- समझी रणनीति के तहत जबरदस्ती प्रीपेड मीटर उनके घरों में लगवा रही है। यह उपभोक्ता संरक्षण कानून का उलंघन के साथ साथ, जनता के साथ अन्याय भी है, और भाकपा माले प्रीपेड मीटर पर रोक लगाने की मांग को लेकर राज्यभर में छिड़े जनांदोलन के साथ है। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, मोहम्मद शकील, मोहम्मद कयूम, मोतीलाल सिंह, मोहम्मद गुलाब आदि मौजूद थे।







