अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:(समस्तीपुर) जिले के मुसरीघरारी थाना अंतर्गत दरभंगा पटोरी मुख्य पथ पर, विशंभरपुर एलौथ गांव स्थित मां जगदंबा पेट्रोल पंप के पास, मंगलवार 17 सितम्बर की देर शाम करीब 08 बजे, एक एसयूवी कार अनियंत्रित होकर अचानक बीच रास्ते पर ही पलट गयी।

जिससे कार सवार तीन लोग जख्मी हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों के द्वारा किसी तरह दुर्घटनाग्रस्त कार में से बाहर निकालकर, इलाज के लिए मुसरीघरारी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। हालांकि हादसे में घायल लोगों की पहचान खबर लिखे जाने तक नही हो पायी है।

इस हादसे के कारण करीब आधा घंटा तक समस्तीपुर मुसरीघरारी पथ पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। वहीं बाद में स्थानीय लोगों ने किसी तरह कार को सड़क से हटाकर एक ओर रख दिया। जिसके बाद उक्त मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।

इस संबंध में स्थानीय सूत्रों का बताना है कि, मुसरीघरारी की ओर से आकर समस्तीपुर की ओर जा रही, पुलिस (POLICE) लिखी एसयूवी (SUV) गाड़ी जिसमें हुटर सायरन भी लगा हुआ था, समस्तीपुर मुसरीघरारी पथ पर विशंभरपुर एलौथ गांव के पास संचालित, जगदंबा पेट्रोल पंप के ठीक सामने आकर अचानक से सड़क पर पलट गयी। कार के पलटते ही स्थानीय लोग दौड़ते हुए उस कार के पास पहुंचे, और किसी तरह कार का दरवाजा खोलकर, कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला, तथा इलाज के लिए दूसरी गाड़ी से मुसरीघरारी के एक निजी क्लीनिक में भेज दिया।

घायलों को ईलाज में भेजने के बाद, स्थानीय लोगों ने कार को भी सड़क से हटाकर एक तरफ रख दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का बताना है कि, दुर्घटनाग्रस्त कार के पीछे वाले शीशा पर पुलिस लिखा हुआ है, तथा कार के अगला भाग पर हूटर सायरन भी लगा हुआ है।
जिससे आशंका जताई जा रही है कि, उस कर में कोई पुलिस प्रशासन के लोग ही बैठे हुए थे। वहीं मौके पर मौजूद लोग भी कुछ अलग अलग तरह की बातें करके हंस रहे थे। वहीं इस संबंध में मुसरीघरारी पुलिस का बताना है कि, इस हादसे में कोई भी घायल नही हुआ है।








