अरविन्द कुमार/अमित कुमार:(समस्तीपुर) जिले में पुलिस कप्तान समस्तीपुर के निर्देशन में रात्री के समय चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, मुसरीघरारी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या व लूटपाट की योजना बनाते 05 बदमाशों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से 01 देशी पिस्टल, 03 जिंदा गोली, 04 मोबाइल, 01 पघड़िया, 02 खंती तथा 01 बड़ा हथौड़ा सहित घटना में प्रयुक्त 01 पंच कार भी बरामद किया है।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान वारिसनगर थाना क्षेत्र के लखनपट्टी गांव के वार्ड 47 निवासी, अवधेश कुमार झा के पुत्र सत्यम कुमार झा उर्फ छोटू, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शीतलपट्टी वार्ड 06 निवासी, गणेश राय के पुत्र सुजीत कुमार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही लखनपट्टी गांव के वार्ड 04 निवासी, अखिलेश कुमार झा के पुत्र बालकृष्ण झा, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लखनपट्टी वार्ड 09 निवासी मनोज कुमार झा के पुत्र गोलू कुमार उर्फ अनंत पुष्कर, मुफस्सिल थाना अंतर्गत लखनपट्टी गांव के वार्ड 12 निवासी, राजू कुमार झा के पुत्र सत्यम कुमार तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही लगुनियां रघुकंठ गांव निवासी स्वर्गीय कृष्ण कुमार चौधरी के पुत्र पुर्व सरपंच रतन कुमार चौधरी के रूप में की गयी है।

उक्त जानकारी एएसपी सह एसडीपीओ सदर वन संजय कुमार पांडेय ने कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दिया। प्रेस वार्ता मे मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि, गुरूवार 26 सितम्बर की देर रात को मुसरीघरारी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि, थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ गांव स्थित एनएच-322 के किनारे वार्ड 44 में, किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में अपराधकर्मी इकट्ठा हो रहे हैं।
सुचना मिलने के तुरंत बाद थानाध्यक्ष के द्वारा वरीय पदाधिकारी सहित इसकी सुचना उन्हें भी दिया गया। सुचना मिलने के बाद उनके नेतृत्व में तत्काल एक टीम का गठन कर उक्त स्थल पर छापामारी की गयी तो, छापामारी टीम ने देखा कि, एक सफेद रंग के कार तथा एक बाइक के साथ करीब 07-08 की संख्या में अपराधकर्मी अपने चेहरे को गमछा से ढ़ककर खड़े हैं, तथा किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं।
जिसके बाद थानाध्यक्ष ने छापामारी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों के साथ उक्त स्थल की घेराबंदी कर कार में बैठे 05 अपराधकर्मी को टाटा पंच कार, 01 देशी पिस्टल, 03 जिंदा गोली, घटना में प्रयुक्त 04 मोबाईल, 02 पघड़िया, 02 खंती तथा 01 बड़ा हथौड़ा के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
श्री पांडेय ने यह भी बताया कि, जब गिरफ्तार बदमाशों से पुछताछ की गयी तो जानकारी मिली कि, हरपुर एलौथ निवासी राजा राम शर्मा के साथ लगुनियां रघुकंठ के पुर्व सरपंच रतन कुमार चौधरी का विगत कुछ दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
उक्त जमीन पर कब्जा को लेकर दोनों के बीच कई बार मारपीट, गाली-गलौज भी हो चुकी है। इसी का बदला लेने तथा राजा राम शर्मा के कब्जे वाला जमीन को हथियाने व उस जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से लगुनियां रघुकंठ का पूर्व सरपंच रतन चौधरी जो एक शातिर अपराधी भी है, अपने कई अपराधी साथी को लेकर, हथियार से लैश होकर राजा राम शर्मा के घर में लूट-पाट करने एवं उसके साथ मारपीट करने तथा उसकी हत्या करने के उद्देश्य से एकत्रित हुए थे, लेकिन घटना को अंजाम देने से पूर्व ही वहां पुलिस पहुँच गयी, और उस सबको गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि इस दौरान पुर्व सरपंच सहित अन्य तीन अपराधकर्मी मोटरसाईकिल एवं दौड़ कर भागने में सफल हो गए थे, लेकिन बाद में छापेमारी के क्रम में पूर्व सरपंच रतन कुमार चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से फिरार अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
श्री पांडेय ने यह भी बताया कि, घटना कारित होने से पूर्व घटना को अंजाम देने आए बदमाशों को गिरफ्तार कर, टीम ने बहूत ही सराहनीय कार्य किया है। इसके लिए टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी फैजुल अंसारी थानाध्यक्ष मुसरीघरारी, शैलेन्द्र कुमार अपर थानाध्यक्ष मुसरीघरारी, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक ब्यूटी रानी के अलावे टीम में शामिल सभी कर्मी को पुरस्कृत किए जाने की अनुशंसा की जाती है।









