अरविन्द कुमार/अमित कुमार: (समस्तीपुर) जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत चैता उतरी पंचायत के सेवानिवृत्त शिक्षक राजेश्वर प्रसाद पाण्डेय के आवास परिसर में, सेवा निवृत्त शिक्षक नवल किशोर पाण्डेय की अध्यक्षता में अन्तर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस समारोह का आयोजन किया गया।

आयोजित इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम दिवंगत वरिष्ठ नागरिक अम्बिका पाण्डेय, उमाशंकर पाण्डेय, अजब लाल राय, अजय पाण्डेय, राम नरेश पाण्डेय, राजेश्वर पाण्डेय सहित दर्जनों लोगों के तैल्य चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित किया गया। इससे पूर्व नवल किशोर पाण्डेय, अनिल पांडेय माले नेता महावीर पोद्दार, पवन ठाकुर, राजेश्वर पाण्डेय ने संयुक्त रूप से समारोह का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए महावीर पोद्दार ने कहा कि, सरकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम नहीं वृद्ध आश्रमालय का निर्माण पंचायत स्तर पर कराए। उन्होंने कहा नैतिकता के पतन और शिक्षा, ज्ञान के अभाव के कारण वरिष्ठ नागरिक सम्मान से वंचित और उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए मिलने वाली रेलवे की सुविधा को केंद्र सरकार ने खत्म कर दिया है।
समारोह को संबोधित करते हुए राजेश्वर पाण्डेय ने कहा कि, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक पदाधिकारी वरिष्ठ नागरिक को उपेक्षा की नजर से देखते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सुरक्षा और सुविधा के लिए कोई सशक्त योजना लाए।
समारोह की अध्यक्षता नवल किशोर पाण्डेय ने किया, जबकि संचालन शत्रुघ्न चौरसिया एवं विनोद कुमार पांडेय ने किया। समारोह को अनिल पांडेय, डाक्टर शशि भूषण पोद्दार, पवन ठाकुर, मनोज पाण्डेय, राज कुमार पोद्दार, कुशेश्वर दास, बालेश्वर रजक, रामाशीष दास, जीतन राम सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।








