अरविन्द कुमार/अमित कुमार:( समस्तीपुर) जिला मुख्यालय के मालगोदाम चौक स्थित भाकपा माले के जिला कार्यालय पर, भाकपा माले जिला कमिटी की बैठक जिला सचिव उमेश कुमार की अध्यक्षता एवं पोलिट ब्यूरो सदस्य सह मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा के पर्यवेक्षण में रविवार 17 नवम्बर को आयोजित की गयी।

आयोजित इस बैठक को संबोधित करते हुए पोलिट ब्यूरो सदस्य धीरेंद्र झा ने कहा कि, नीतीश सरकार वेंटीलेटर पर चल रही है। राज्य में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। मंत्री की बात अधिकारी नहीं सुनते हैं। बड़े अधिकारियों की लूट लगातार उजागर हो रही है।

उर्जा विभाग के निदेशक सचिव संजीव हंस एवं गुलाब यादव की अकूत संपत्ति को ईडी ने पकड़ा है, लेकिन इस पर राज्य सरकार की चुप्पी बता रहा है कि इतना बड़ा घोटाला बगैर सीएमओ की मिलीभगत के नहीं हो सकता है। नीतीश सरकार का शासन अधिकारियों और माफियाओं का लूट का शासन बन गया है।

यह सरकार जनता पर बोझ की तरह बन गई है, और इस बोझ को उतार फेंकना अब बिहार की जरूरत बन गयी है। भाकपा माले इस अभियान में उतरी हुई है। इसके तहत राज्यव्यापी पदयात्राएं संगठित हुई है और पटना में आयोजित विराट सम्मेलन से यह मांग की गई है कि, जो दलित-गरीब जहां बसे हैं, उन्हें वहीं का वासगीत पर्चा मिले, जनविरोधी स्मार्ट मीटर को वापस लिया जाए, और जीविका सहित तमाम स्कीम वर्कर आशा, रसोईया, सेविका, सहायिका आदि के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी किया जाए।
इस दौरान कॉमरेड धीरेंद्र झा ने यह भी कहा कि, नीतीश कैबिनेट के द्वारा भूमिहीनों को वासभूमि खरीदने के लिए 1 लाख रूपये देने की घोषणा भी छलावा के सिवा कुछ नहीं है, क्योंकि 1 लाख रूपये में 3 डिसमिल जमीन नहीं मिलेगी, अगर मिलती है तो नीतीश कुमार खुद से जमीन खरीदकर दिखा दें। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के इस फैसले से प्रशासनिक लूट बढ़ेगी। जरूरत है कि सरकार बसे हुए परिवारों को वासगीत पर्चा दें एवं खुद वासभूमि खरीदकर कॉलोनी बनाकर आवास उपलब्ध करा दे।
वहीं इस दौरान राज्य कमिटी सदस्य बंदना सिंह ने कहा कि, नीतीश सरकार स्मार्ट मीटर वापस लें एवं अन्य राज्यों की तरह बिहार में भी 2 सौ यूनिट बिजली फ्री सभी परिवारों को दें। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला सचिव उमेश कुमार ने कहा कि विभूतिपुर में भाकपा-माले के जोरदार जनप्रतिवाद के कारण, मुसहर परिवारों को उजाड़ने आए अंचल प्रशासन को लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि पर्चाधारियों को दखल- कब्जा दिलाने के लिए, गरीब बसाओ आंदोलन को और भी तेज किया जाएगा। बैठक में जयंत कुमार, डॉ खुर्शीद खैर, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, महेश कुमार, अजय कुमार, रंजीत राम, दिनेश कुमार, लोकेश राज, राजकुमार पासवान, अमित कुमार, अनिल चौधरी, सत्यनारायण महतो, ललन कुमार, उपेंद्र राय, प्रमिला राय, रौशन कुमार, महावीर पोद्दार, जीबछ पासवान, रामचंद्र पासवान, गंगा प्रसाद पासवान आदि मौजूद थे।







