समस्तीपुर। जिले के नगर थाना अंतर्गत ताजपुर रोड स्थित एलआईसी ऑफिस के पास, शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे के बाद से, इलाके में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। विश्वसनीय सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस जीप व ऑटो की आमने-सामने की हुई टक्कर में, तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

सभी जख्मी लोगों को पुलिसकर्मी सरोज कुमार व स्थानीय लोगों के सहयोग से, ईलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर पहुंचाया गया। जहां सभी घायलों का ईलाज किया जा रहा है। हालांकि उधर घटनास्थल पर लोगों ने यह समझा कि, हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जिसके बाद घटना से गुस्साए लोगों ने एलआइसी ऑफिस के पास, ताजपुर-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया।
इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं घटना की सुचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची नगर थाने की पुलिस, सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, तथा एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क जाम हटाने में कामयाब रहा। इस सड़क हादसे में घायल लोगों की पहचान रोहित कुमार, मिथुन कुमार के रूप में की गयी है।
उक्त दोनों घायल मानसिंह कुटिया खगड़िया जिला के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों में एक महिला भी थी, जिसकी पहचान नही हो पायी है, क्योंकि उक्त महिला इलाज के बाद बिना पहचान बताए अपने घर वापस लौट गई। पुलिस वाहन चला रहे जवान सरोज कुमार का बताना है कि, वह समस्तीपुर से पुलिस लाइन की ओर खाली जीप लेकर जा रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही ऑटो ने उनकी पुलिस जीप में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें ऑटो सवार कुछ लोग घायल हो गए। हालांकि इसी दौरान किसी ने ऑटो सवार किसी यात्री की मौत की अफवाह फैला दी। जिसके बाद स्थानीय लोग जमा होकर उग्र प्रदर्शन करने लगे। वहीं ऑटो सवार एक महिला का बताना है कि, उक्त ऑटो में पुलिस प्रशासन की गाड़ी ने सामने से टक्कर मारी है।
जिसमें चार लोग जख्मी हो गए हैं। वहीं इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सह सदर एसडीपीओ वन संजय कुमार पांडे का बताना है कि, हादसे के बाद घटनास्थल के आसपास यह अफवाह फैल गयी कि, सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जिसके बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए थे।
इस दौरान श्री पांडेय ने यह भी बताया कि, इस हादसे में घायल लोगों को पुलिसकर्मियों ने खुद अस्पताल पहुंचाया और, स्थिति को नियंत्रित किया है। हालांकि सड़क मामले के आड़ में उपद्रव करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है, साथ ही पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने और सड़क जाम करने वालों को भी चिन्हित कर, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।







