समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत चांदचौर मथुरापुर गांव में, शराब माफियाओं के यहां छापामारी करने पहुंची दलसिंहसराय थाना में कार्यरत एएलटीएफ की टीम पर शराब धंधेबाजों ने अचानक हमला बोल दिया।

जिसमें छापामारी टीम में शामिल कुछ पुलिसकर्मी के घायल होने की बात बतायी जा रही है। वहीं इस दौरान शराब धंधेबाजों ने एएलटीएफ टीम के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसके बाद एएलटीएफ की टीम किसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उजियारपुर पहुंची।
जहां घायल सभी पुलिस कर्मियों का ईलाज किया गया है। ईलाज के बाद एएलटीएफ टीम उजियारपुर थाने पहुंच थाना को आवेदन देकर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गयी है। इस घटना के आरोपितों में से किसी की गिरफ्तारी अभी नही हो पायी है। घटना मंगलवार 30 दिसम्बर की देर रात करीब 11 बजे की बतायी जा रही है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, दलसिंहसराय थाना में कार्यरत एएलटीएफ टीम को गुप्त सुचना मिली कि, थाना क्षेत्र के चाँदचौर मथुरापुर गांव में कुछ शराब धंधेबाजों के द्वारा देशी शराब का विनिर्माण, भंडारण व वितरण किया जा रहा है। सुचना मिलने के बाद एएलटीएफ की टीम सदल बल सुचित स्थल पर छापामारी करने पहुंची।
जहां पहुंचते ही शराब धंधेबाजों ने अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर टीम पर हमला कर दिया। जिसमें कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। शराब धंधेबाजों द्वारा इस दौरान रोड़ेबाजी भी की गयी। जिसमें पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
सुत्रों का यह भी बताना है कि, इस दौरान एएलटीएफ की टीम ने एक शराब धंधेबाज को पकड़ भी लिया था, लेकिन हमलावरों की भीड़ ने उक्त शराब धंधेबाज को जबरदस्ती पुलिस के पकड़ से उसे मुक्त करा लिया। इस हमला में घायल सभी पुलिस कर्मियों का ईलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उजियारपुर में कराने के बाद हमलावरों को चिन्हित कर उजियारपुर थाना के द्वारा प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गयी है।
वहीं इस संबंध में दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा का बताना है कि, दलसिंहसराय थाने की एएलटीएफ टीम पटना से प्राप्त ईटी नंबर के आधार पर उजियारपुर थाना क्षेत्र के चाँदचौर मथुरापुर गांव में छापामारी करने पहुंची थी।
जहां स्थानीय शराब धंधेबाजों के द्वारा बनाया हुआ शराब व उसके उपकरण को नष्ट किया जा रहा था कि, इसी दौरान शराब धंधेबाजों ने एएलटीएफ की टीम पर हमला कर दिया, तथा पुलिस वाहन का कांच वगैरह तोड़ते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इस घटना में पुलिस पदाधिकारी के साथ मारपीट भी की गयी है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए, अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।








