समस्तीपुर। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय मे शुक्रवार 02 जनवरी को पुर्व रेलमंत्री ललित नारायण मिश्र की पुण्यतिथि मनायी गयी। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित पूर्व रेल मंत्री ललित नारायण मिश्र के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस दौरान मौके पर मौजूद रेल कर्मचारियों व पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए, मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश ने कहा कि, ललित बाबू एक महान भारतीय राजनीतिज्ञ थे। वह 1973 से 1975 तक केंद्रीय रेलमंत्री रहे। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि, ललित बाबु का जन्म 02 फरवरी 1923 को बिहार के सुपौल जिला में हुआ था।

प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा समाप्त करने के बाद उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए किया। ललित बाबु का व्यक्तित्व बहुत ही प्रभावशाली था। वह सच्चे राष्ट्रवादी और समाजसेवक थे। वह अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि मिथिलांचल को, राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए हमेशा पुरी ईमानदारी से प्रयास करते रहे।
उनकी राजनीतिक यात्रा भी काफी सफल रही। वह अपनी पढ़ाई पुरी करने के बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से जुड़ गए तथा उसके एक प्रमुख नेता के रूप में भी रहे। वह भारत की पुर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के काफी करीबी भी माने जाते थे। उन्होंने रेल मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शुरू भी किया।
जिनमें प्रमुख रूप से झंझारपुर-लौकहा रेललाइन व भपटियाही से फारबिसगंज रेललाइन शामिल हैं। इस दौरान मौके पर पुर्व रेलमंत्री ललित नारायण मिश्र के पौत्र सहित अन्य परिजन भी उपस्थित रहे।







