तीन दिन से लापता युवक का शव बरामद, गला दबाकर हत्या की आशंका! जांच में जुटी स्थानीय पुलिस

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार की आवाज। संवाददाता। समस्तीपुर। जिले के वारिसनगर थाना अंतर्गत बाबा चिमनी के पास एक खेत से, तीन दिन पहले लापता एक युवक का शव सोमवार 02 मार्च को मिलने के बाद ईलाके में सनसनी फैल गयी।

उधर शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची, वारिसनगर थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर, आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद, शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। मृत युवक की पहचान वारिसनगर थाना क्षेत्र के महमदीपुर वार्ड 08 निवासी, दिनेश राम के 21 वर्षिय पुत्र ओमप्रकाश राम के रूप में की गयी है।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक होली की छुट्टी में घर आया हुआ था। इसी बीच तीन दिन पहले वह मेला देखने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं चल रहा था। मृतक के परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

सूत्रों के अनुसार मेला देखने के दौरान युवक का कुछ अन्य युवकों से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि, विवाद में शामिल एक युवक मृतक का पीछा भी कर रहा था। इसी विवाद में युवक की हत्या किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। घटनास्थल से एक गमछा भी बरामद हुआ है, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है, और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का भरोसा पुलिस द्वारा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *