बिहार की आवाज। संवाददाता। समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में, देशी कट्टा और गोली के साथ वायरल हुए वीडियो के 10 दिन से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी उजियारपुर थानाध्यक्ष ईंस्पेक्टर अजीत कुमार के द्वारा, उक्त युवक के साथ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है। जिससे स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। ज्ञात हो कि, करीब एक सप्ताह पूर्व उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलामेघ निवासी अनिल महतो के पुत्र विक्की कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

जिसमें वह देशी कट्टा और कारतूस के साथ दिखाई दे रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद उजियारपुर थाना की पुलिस हरकत में आई भी थी, और युवक के घर छापेमारी भी की गई थी, लेकिन उजियारपुर पुलिस की सुस्ती के कारण युवक घर छोड़कर फरार हो गया था। हालांकि वायरल विडियो के आठ दिन से भी अधिक बीत जाने के बावजूद न तो आरोपी युवक की गिरफ्तारी हो सकी है और ना ही हथियार की बरामदगी हुई है।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब वीडियो में युवक स्पष्ट रूप से हथियार के साथ नजर आ रहा है, तो फिर कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हो रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसी बीच उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों की मांग है कि वायरल वीडियो के आधार पर अविलंब कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी सुनिश्चित की जाए। वहीं स्थानीय लोगों ने आशंका जाहिर किया है कि, विडियो वायरल होने के बाद ही महथी गांव का एक दाढ़ी वाला कथित नेता जो थाना का दलाली भी करता है, और उसका आजीविका का साधन भी दलाली ही है, एक्टिव हुआ था। संभव है कि, मामला रफा-दफा भी कर लिया गया होगा।







