समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत दलसिंहसराय विशनपुर पथ पर, गावपुर योगी चौक स्थित विश्वकर्मा प्लाई नामक दुकान में, शुक्रवार 20 मार्च की देर शाम करीब 7 बजे हुई भीषण अगलगी की घटना में पुरा दुकान व दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

स्थानीय लोगों का बताना है कि, इस अगलगी की घटना में करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के प्लाई समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। स्थानीय लोग अपने स्तर से आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

हालांकि हैरानी वाली बात यह है कि घटना के एक घंटा बीत जाने के बाद तक भी उजियारपुर थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी, जिससे स्थानीय लोगों व व्यवसायियों में काफी आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय ग्रामीणों का बताना है कि, मालपुर गांव निवासी विपिन शर्मा खराब मौसम के कारण, दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। कुछ ही देर बाद उनकी दुकान से आग की लपटें निकलने लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, और पुरा दुकान जलकर नष्ट हो गया।








