समस्तीपुर। समस्तीपुर नगर निगम के लगुनियां रघुकंठ एवं लगुनियां सूर्यकंठ गांव के बीच जमुआरी नदी पर बने क्षतिग्रस्त डायवर्सन पर, शनिवार 23 मई की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में बालू लदा 16 चक्का ट्रक खराब और जर्जर डायवर्सन पर दुर्घटनाग्रस्त होकर फंस गया। जिसके बाद इस रास्ते से चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पुल तोड़े जाने के बाद बनाए गए अस्थायी डायवर्सन की हालत पहले से ही काफी खराब थी। सड़क कई जगह धंस चुकी थी और हल्की बारिश में ही टूटने लगी थी। बावजूद इसके भारी वाहनों का परिचालन जारी था। शुनिवार 23 मई की दोपहर बालू लदा एक भारी ट्रक डायवर्सन पार करने के दौरान असंतुलित होकर धंस गया। जिससे रास्ता पूरी तरह जाम हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि, इस खतरनाक डायवर्सन को लेकर एक दिन पूर्व ही समाचार प्रकाशित कर प्रशासन और संबंधित विभाग को आगाह किया गया था। खबर में डायवर्सन की जर्जर स्थिति, दुर्घटना की आशंका तथा रात में रोशनी एवं सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की बात प्रमुखता से उठाई गई थी। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसका परिणाम अब सामने आने लगा है।
ट्रक फंसने के कारण आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है, जबकि बाइक और साइकिल चालकों को भी जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते डायवर्सन की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था की गई होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने अविलंब डायवर्सन को दुरुस्त करने, फंसे ट्रक को हटाने तथा स्थायी पुल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।







