समस्तीपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अधिग्रहित किए गए वाहनों के लंबित मुआवजा भुगतान के मांग को लेकर, गुरुवार 11 जून को वाहन मालिकों ने समस्तीपुर समाहरणालय के मुख्य द्वार पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इससे पुर्व वाहन मालिकों ने चीनी मिल चौक से लेकर समाहरणालय के मुख्य द्वार तक प्रतिरोध मार्च भी निकाला। जिला मोटर व्यवसायी संघ के नेतृत्व में निकाली गयी यह प्रतिरोध मार्च में शामिल, सैकड़ों की संख्या में वाहन मालिक बिहार चुनाव आयोग के विरोध में नारे लगाते हुए समाहरणालय के मुख्य द्वार तक पहुंचे, और जिला प्रशासन तथा बिहार चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि, विधानसभा चुनाव संपन्न हुए लगभग छह माह बीत चुके हैं, लेकिन चुनावी कार्यों में लगाए गए हजारों वाहनों के स्वामियों को अब तक उनका बकाया मुआवजा नहीं मिला है। बार-बार अधिकारियों से गुहार लगाने और आवेदन देने के बावजूद भुगतान नहीं होने से वाहन व्यवसायियों में भारी नाराजगी है।
जिला मोटर व्यवसायी संघ के पदाधिकारियों व वाहन मालिकों का बताना था कि, चुनाव के दौरान प्रशासन द्वारा लगभग 4 हजार 4 सौ वाहनों को विभिन्न कार्यों में लगाया गया था, लेकिन अब तक केवल 365 वाहनों का ही भुगतान किया गया है, जबकि शेष 92 प्रतिशत वाहनों के मालिक भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश वाहन बैंक और फाइनेंस कंपनियों से ऋण पर खरीदे गए हैं तथा समय पर किश्त जमा नहीं होने के कारण वाहन मालिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
इसके बाद वाहन मालिकों ने जिलाधिकारी से अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। इस दौरान उन्होंने चेतावनी भी दिया कि, अगर बकाया राशि का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो, आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, तथा आने वाले दिनों में पुरे बिहार में चक्का जाम कर दिया जाएगा। जिसकी जवाबदेही जिलाधिकारी समस्तीपुर व बिहार चुनाव आयोग की होगी।
कार्यक्रम के अंत में आक्रोशित वाहन मालिकों ने समाहरणालय के मुख्य द्वार के समीप, बिहार चुनाव आयोग का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। पुतला दहन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी किया, तथा लंबित भुगतान के लिए आयोग को जिम्मेदार ठहराया।
प्रदर्शन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए बड़ी संख्या में वाहन मालिक, चालक और व्यवसायी शामिल रहे। प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक समाहरणालय परिसर के आसपास गहमागहमी का माहौल बना रहा।









