ताजपुर-बख्तियारपुर परियोजना और गंगा कटाव प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बुधवार को जिले में संचालित महत्वपूर्ण विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के क्रम में ताजपुर-बख्तियारपुर परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना के विभिन्न कार्यस्थलों का भ्रमण कर निर्माण कार्य की प्रगति, भूमि से संबंधित मामलों और परियोजना के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं से कार्यों की प्रगति और परियोजना में आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर परियोजना के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने गंगा नदी के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का भी स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कटाव की वर्तमान स्थिति, प्रभावित एवं संवेदनशील स्थलों तथा वहां चल रहे कटाव निरोधक कार्यों का जायजा लिया। संबंधित अभियंताओं से नदी के जलस्तर, कटाव की स्थिति और किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों की तकनीकी जानकारी भी प्राप्त की।

डीएम ने निर्देश दिया कि गंगा नदी के कटाव प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए। संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकतानुसार कटाव निरोधक एवं सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने अभियंताओं को स्थल की परिस्थितियों का नियमित तकनीकी आकलन कर आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित पदाधिकारी एवं अभियंता लगातार क्षेत्र में निगरानी रखें और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर सदर राकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी पटोरी विकास कुमार पांडेय सहित संबंधित परियोजनाओं के अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परियोजनाओं के कार्यों में अपेक्षित गति लाने तथा गंगा नदी के कटाव से प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *