ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

समस्तीपुर। 18 सितंबर। स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर के निर्माण के लिए ठोस कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन आवश्यक है। इसी उद्देश्य से शुक्रवार 18 सितम्बर को विधि महाविद्यालय समस्तीपुर, में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 को लेकर नगर निगम प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न नगर परिषदों एवं नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का उद्घाटन महापौर अनीता राम, उप महापौर रामबालक पासवान, सरायरंजन नगर पंचायत की मुख्य पार्षद पूजा कुमारी, उप-विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, नगर आयुक्त गौतम कुमार एवं उप नगर आयुक्त विभूति कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि ठोस कचरे का उचित प्रबंधन केवल नगर निकायों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने घरों से ही कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने और उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब प्राप्त जानकारी को धरातल पर लागू किया जाएगा।

महापौर अनीता राम ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए नियमित कचरा उठाव के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना भी जरूरी है। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

नगर आयुक्त गौतम कुमार ने स्वागत संबोधन में कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े नियमों और प्रावधानों की स्पष्ट जानकारी नगर निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में सहायक होगी। उन्होंने प्रशिक्षण में मिली जानकारी को व्यवहार में उतारने पर बल दिया।

कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक डॉ. संजय गुप्ता ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कचरे को स्रोत पर अलग करने, उसके संग्रहण एवं परिवहन, प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण, पुनः उपयोग तथा सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में उप महापौर रामबालक पासवान ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि वार्ड स्तर पर लोगों को जागरूक कर कचरे के उचित निस्तारण के लिए प्रेरित करने से स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ने किया।

प्रशिक्षण के उपरांत नगर आयुक्त गौतम कुमार ने कार्यशाला में शामिल जनप्रतिनिधियों, कार्यपालक पदाधिकारियों एवं स्वच्छता पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को व्यवहार में लागू करने से नगर निकायों की स्वच्छता व्यवस्था को नई गति मिल सकती है।

कार्यशाला में जिले के विभिन्न नगर परिषदों एवं नगर निकायों के सभापति, उपसभापति, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *