अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा/समस्तीपुर: लरझाघाट थाना क्षेत्र के सलहा बुज़ुर्ग गांव में, अपनी बहन के ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थिति में, पेड़ से लटकता हुआ शव मिलने के बाद ईलाके में सनसनी फैल गयी। स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना लरझाघाट थानाध्यक्ष अनिल कुमार रजक को दिया।

सुचना पर पहुंची लरझाघाट पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर, अपने कब्जे मे कर लिया, तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज, मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान विथान थाना क्षेत्र के उज्जैन गांव निवासी, अमरदेव मुखिया के 20 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों का बताना है कि, मृतक मनीष 11 मार्च को अपनी बहन के ससुराल एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। जहां से उसे 13 मार्च को वापस अपने घर लौटना था, लेकिन इसी बीच उसका शव सलहा बुजुर्ग गांव में एक पेड़ से झूलता हुआ मिला। परिवार के लोगों को आशंका है कि युवक मनीष की हत्या कर, उसके शव को पेड़ के टहनी से लटका दिया गया है। हालांकि सलहा बुजुर्ग गांव में दबे जुबान लोगों के बीच, प्रेम प्रसंग में की गयी हत्या की चर्चा भी हो रही है।







