अरविन्द कुमार/अमित कुमार: (समस्तीपुर) जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में होने वाले पैक्स चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे उम्मीदवारों को शुक्रवार 22 नवम्बर की देर शाम करीब 06 बजे तक प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह उजियारपुर बीडीओ के द्वारा चुनाव चिह्न आवंटित नही किया गया था।

जिसके कारण प्रखंड मुख्यालय पर डटे उम्मीदवार काफी नाराज दिखे। चुनाव चिह्न प्राप्त करने के लिए सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक प्रखंड मुख्यालय पर डटे पैक्स अध्यक्ष व सदस्य पद के उम्मीदवारों का बताना था कि, आज 22 नवम्बर को उनलोगों के बीच चुनाव चिह्न आवंटित होना था।
जिसके लिए वह लोग सुबह 11 बजे से प्रखंड मुख्यालय पर बैठे हुए हैं। जहां उजियारपुर बीडीओ के द्वारा यह कहा गया कि, 2 बजे तक चुनाव चिह्न आवंटित कर दी जाएगी, लेकिन अभी शाम के 6 बज रहे हैं लेकिन अभी तक उनलोगों को चुनाव चिह्न आवंटित नही किया गया।
अब सारा दिन प्रखंड मुख्यालय पर बैठे रहने के बाद कहा जा रहा है कि, अब चुनाव चिह्न का आवंटन शनिवार 23 नवम्बर की सुबह 8 बजे की जाएगी। वहीं इस संबंध में जानकारी के लिए जब उजियारपुर बीडीओ अमित कुमार के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गयी तो, उनका मोबाइल नंबर आउट ऑफ नेटवर्क कवरेज एरिया रहने के कारण उनका पक्ष नही जाना जा सका।
आपको बता दें कि पैक्स अध्यक्ष पद के वैसे उम्मीदवार जो किसी भी कीमत पर अपना सीट गंवाना नही चाहते हैं, वैसे उम्मीदवार चुनाव चिह्न पाने की आस में गिद्ध की तरह प्रखंड मुख्यालय पर मंडरा रहे हैं।
आपको बता दें कि बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के द्वारा तीसरे चरण के मतदान के लिए होने वाले नामांकन की तिथि 16 नवम्बर से 18 नवम्बर, संवीक्षा की तिथि- 19-20 नवम्बर तथा नाम वापसी तथा चुनाव चिह्न का आवंटन की तिथि 22 नवम्बर तय की गयी थी, लेकिन उजियारपुर बीडीओ अमित कुमार ने बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए, शुक्रवार 22 नवम्बर को कार्यालय अवधि संध्या के 5 बजे तक चुनाव चिह्न आवंटित नही किया गया था।
खबर लिखे जाने तक करीब एक दर्जन निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सह पैक्स अध्यक्ष पद के उम्मीदवार उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय पर डटे दिखे।







