समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत लोहागीर गांव में, बीते दो दिनों से दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में, कई लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। जिन्हें ईलाज के लिए, सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया गया है। इस दौरान गांव से बाहर के आए बाईक सवार आपराधिक प्रवृति के लोगों द्वारा गोलीबाड़ी की घटना को अंजाम दिए जाने का मामला भी प्रकाश में आया है।

हालांकि स्थानीय पुलिस इस गोलीबारी की घटना से इनकार कर रही है। वहीं मारपीट की घटना में शामिल दो बदमाश युवक को, स्थानीय ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया, तथा उसकी जमकर धुनाई करने के बाद डायल नंबर 112 की पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके बाद उजियारपुर डायल नंबर 112 की पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को, इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उजियारपुर में भर्ती कराया।
जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया गया। घटना शुक्रवार 13 व शनिवार 14 जून की बतायी जा रही है। घटना के संबंध में सूत्रों का बताना है कि, आपसी वर्चस्व को लेकर दोनों गुट के बीच, कल शुक्रवार 13 जून को भी झड़प हो गयी थी। जिसका बदला लेने के उद्देश्य से दूसरे गुट के करीब 30 से 40 युवक लोहागीर गांव पहुंचे, और प्रथम पक्ष के लोगो को लाठी व डंडा से पीटना शुरू कर दिया।
इस दौरान बदमाश युवकों के द्वारा कई राउंड फायरिंग भी की गयी है। उधर फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों को मौके पर जुटता देख, मारपीट कर रहे बदमाश युवक भागने लगे। जिसमें से दो युवकों को स्थानीय लोगों ने खदेड़कर पकड़ लिया, तथा जमकर धुनाई करने के बाद डायल नंबर 112 के हवाले कर दिया।
वहीं लोहागीर पंचायत के सरपंच निरंजन कुमार का बताना है कि, 40-50 की संख्या में आपराधिक प्रवृति के लड़के गांव में आए थे, तथा किसी नितिश कुमार नाम के लड़के को खोजते हुए गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर भागने लगे। जिसमें से दो बदमाश लड़के को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया तथा डायल नंबर 112 के हवाले कर दिया।
इस दौरान दो बाईक भी घटनास्थल के आसपास लावारिस हालत में मिली है, जो बाईक भागने वाले लड़कों की ही बतायी जा रही है। इस दौरान सरपंच निरंजन कुमार ने यह भी बताया कि, घटना के दो घंटा से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन उजियारपुर पुलिस अभी तक मौके पर नही पहुंची है।
वहीं इस संबंध में उजियारपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह का बताना है कि, दो गुटों के बीच मारपीट की मामला सामने आयी है। फायरिंग जैसी कोई घटना नही हुई है। एक खोखा भी बरामद किया गया है, वो भी काफी पुराना लग रहा है। हालांकि मामले की जांच की जा रही है।







