समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र संख्या-134 से भारतीय जनता पार्टी के पुर्व जिलाध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने अपना बगावती तेवर दिखाते हुए, आज बुधवार 15 अक्टूबर को अनुमंडल कार्यालय दलसिंहसराय स्थित निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष नामांकन कक्ष में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।

इस दौरान सैकड़ों की संख्या में विधायक प्रत्याशी उपेन्द्र कुशवाहा के समर्थक मौके पर मौजूद थे। नामांकन कक्ष से नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद बाहर निकलते ही उनके समर्थकों ने उन्हें फुल व मालाओं से लाद दिया।
नामांकन दाखिल करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक प्रत्याशी ने बगैर नाम लिए तंज कसते हुए कहा कि, हमलोगों ने हमारी मां बहनों ने मोदी जी के नाम को हर घर घर तक पहुंचाने का काम किया है।
हमलोगों ने हर घर जाकर जगाने का काम किया कि, उजियारपुर को बदलना है, लेकिन हमलोगों को ये नही पता था कि, हमलोगों के जो आका बैठे हुए हैं वह उजियारपुर से आलोक मेहता को विदा करना नही चाहते हैं। क्योंकि दोनों मौसेरे भाई बन चुके हैं। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी उपेन्द्र कुशवाहा के समर्थक मौजूद थे।







