बिहार की आवाज। संवाददाता। समस्तीपुर। जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल अंतर्गत उजियारपुर प्रखंड उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र के बिरनामातुला पंचायत के वार्ड संख्या 11 में, पीएचईडी विभाग की कथित लापरवाही के कारण “नल का जल” योजना का पानी बीते करीब तीन माह से सड़कों पर बह रहा है।

स्थानीय लोगों में शामिल जागेश्वर राय, पवितर राय, रविन्द्र राय, बिजली राय आदि का बताना है कि, पीएचईडी विभाग पुरी तरह धृतराष्ट्र बना हुआ है, और समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, वार्ड 11 में लगभग 300 मीटर तक सड़क पर, प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो रहा है।
पाइप क्षतिग्रस्त होने के कारण सप्लाई लाइन में पर्याप्त प्रेशर नहीं बन पाता है, जिसके कारण वार्ड 11 के कई घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पा रहा है। एक ओर जहां लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्वच्छ पानी यूं ही सड़कों पर बहने के लिए छोड़ दिया गया है। इस लापरवाही को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
उक्त ग्रामीणों का कहना है कि, विभाग के ईंजिनियर से इस मामले को लेकर कई बार मौखिक शिकायत की गयी है। बावजूद विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं किया है। वहीं इस संबंध में जानकारी के लिए जब पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता धनंजय कुमार से उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गयी तो, उनका मोबाइल नंबर आउट ऑफ नेटवर्क कवरेज एरिया रहने के कारण उनका पक्ष नही जाना जा सका।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने यह चेतावनी भी दिया है कि, यदि जल्द ही क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत कर जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो, आने वाले दिनों में वहलोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अब देखना यह है कि, विभाग कब तक इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेता है, और वार्ड 11 के लोगों को सुचारू जलापूर्ति उपलब्ध कराता है।






