उजियारपुर में युवक पर जानलेवा हमला, सोने की चेन भी छीनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार की आवाज। संवाददाता। समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के सूरजपुर गांव में एक युवक पर जानलेवा हमला करने और सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

मिली जानकारी के अनुसार सूरजपुर वार्ड संख्या 06 निवासी नथुनी सिंह के 35 वर्षिय पुत्र संजीत कुमार ने, उजियारपुर थाना को दिए आवेदन में बताया है कि, बुधवार 4 मार्च 2026 के शाम करीब 5:30 बजे, वह अपने घर पर ही मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही राजकिशोर सिंह तथा रंजन कुमार सिंह हथियार से लैस होकर उनके घर पहुंचे, और गाली-गलौज करते हुए बाहर बुलाया।

पीड़ित के अनुसार जैसे ही वह घर से बाहर निकले, दोनों आरोपियों ने पिस्तौल सटाकर उन्हें जबरन घर के बगल की गाछी में ले गए। वहां उनका हाथ मरोड़कर मारपीट की गई, तथा पिस्तौल के बट से वार कर उनके दाहिने हाथ को घायल कर दिया गया। आरोप है कि इस दौरान राजकिशोर सिंह ने उनके गले से करीब दो भर का सोने का चेन भी छीन लिया।

थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में पिड़ित ने यह भी बताया है कि, दोनों आरोपियों ने उन्हें जमीन पर पटक कर छाती पर चढ़कर बेरहमी से मारपीट किया, और जान से मारने की नीयत से उनका मुंह व गला दबाने लगे। इसी दौरान पास के खेत से आ रहे ग्रामीणों ने घटना देख हस्तक्षेप किया और किसी तरह उनकी जान बचाई।

घटना के बाद घायल का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उजियारपुर में कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया। पीड़ित ने उजियारपुर थाना में आवेदन देकर दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *