समस्तीपुर/उजियारपुर: थाना क्षेत्र के भगवानपुर देसुआ गांव से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ दिनों पुर्व भगवानपुर देसुआ गांव निवासी दिनेश पासवान के नाती छोटू पासवान की पत्नी का देशी कट्टा के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

बताया जा रहा है कि इस तस्वीर को वायरल हुए करीब एक महीने का समय बीत चुका है, बावजूद उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के द्वारा, ना तो अभी तक इस मामले की जांच की गई है, और ना ही तस्वीर में दिख रहे युवक-युवती की गिरफ्तारी हो सकी है।
उजियारपुर थाना क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि, इस मामले को लेकर थाना स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि, उजियारपुर थानाध्यक्ष के इसी कार्यशैली के कारण क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। जिसके कारण कभी लूट तो कभी छिनतई की घटना होते रहती है, साथ ही थाना क्षेत्र में, अवैध हथियारों का प्रदर्शन भी खुलेआम होता रहता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूर्व में भी हथियार के साथ वायरल हुए एक युवक के फोटो के मामले में, कथित रूप से उसे ऑनलाइन नकली हथियार मंगवाने के लिए कहा गया था। बाद में उसी हथियार को जब्त दिखाकर, अवैध वसूली करने की चर्चा भी क्षेत्र में होती दिख रही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
उजियारपुर क्षेत्र के लोगों का यह भी बताना है कि, इस तरह के ज्यादातर मामलों में, थानाध्यक्ष उजियारपुर अजीत कुमार के द्वारा, दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा को भी गलत जानकारी दे दी जाती है। जिसके कारण एसडीपीओ दलसिंहसराय भी ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नही कर पाते हैं। फिलहाल वायरल तस्वीर की सत्यता और पूरे मामले को लेकर कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है। ऐसे में स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।







