समस्तीपुर। पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर द्वारा जारी वाणिज्यिक अधिसूचना के अनुसार समस्तीपुर मंडल के छह महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों के नाम के साथ अब आधिकारिक रूप से “जंक्शन (Junction)” शब्द जोड़ा जाएगा। मंडल की अनुशंसा पर सक्षम प्राधिकारी ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। यह परिवर्तन 15 मार्च 2026 से प्रभावी होगा।

जारी अधिसूचना के अनुसार जिन स्टेशनों के नाम में बदलाव किया गया है, उनमें हसनपुर रोड, सीतामढ़ी, सरायगढ़, सुपौल, ककरघट्टी और शीशो स्टेशन शामिल हैं। अब इनके आधिकारिक नाम क्रमशः हसनपुर रोड जंक्शन, सीतामढ़ी जंक्शन, सरायगढ़ जंक्शन, सुपौल जंक्शन, ककरघट्टी जंक्शन और शीशो जंक्शन होंगे।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन स्टेशनों के Alphabetical Code और Numerical Code में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने सिस्टम, टिकटिंग प्लेटफॉर्म, वाणिज्यिक और परिचालन रिकॉर्ड में इन संशोधित नामों को अद्यतन करने का निर्देश दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशनों के नाम के साथ “जंक्शन” शब्द जुड़ने से यात्रियों और रेल संचालन दोनों को लाभ मिलेगा। इससे यह स्पष्ट होगा कि ये स्टेशन एक से अधिक रेलमार्गों के संगम स्थल हैं, जिससे यात्रियों को विभिन्न दिशाओं में उपलब्ध रेल संपर्क की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
इसके अलावा जंक्शन का दर्जा मिलने से इन स्टेशनों की पहचान राष्ट्रीय रेलवे नेटवर्क में और मजबूत होगी। भविष्य में यहां माल ढुलाई, कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
रेल प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।







