मृत्युंजय कुमार कर्ण/समस्तीपुर: उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बने शिवालयों में, कालों के काल महाकाल भोलेनाथ का पर्व महाशिवरात्रि, शुक्रवार 08 मार्च को बड़े ही धूम-धाम के साथ मनाया गया। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर शिवभक्तों ने विधि विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा बौद्धबली स्थान परिसर स्थित सभी मंदिरों को फूल-मालाओं से, दुलहन की तरह सजाया गया था।

शिव भक्त मंदिरों में बेलपत्र और कच्चे दूध से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही लाइन में लगे हुए थे। जलाभिषेक करने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक दिख रही थी। जलाभिषेक करने आयी महिलाएं शिव मंदिर परिसर में लगे लगे मेले में जमकर खरीदारी भी किया। इसी दौरान उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र के सबसे चर्चित शिवालय, लोहागीर पंचायत स्थित बाबा बौद्धबली स्थान में भी पुरे विधि विधान के साथ, बाबा भोलेनाथ का पूजा-पाठ किया गया तथा, जलाभिषेक भी किया गया। लोहागीर पंचायत स्थित बाबा बौद्धबली स्थान के बारे में लोगों की ऐसी मान्यता है कि, बाबा बौद्धबली स्थान में आकर सच्चे मन से मांगी गयी हर एक मनोकामना पुरी होती है। महाशिवरात्रि की संध्या पर शुक्रवार 8 मार्च को, लोहागीर सरपंच निरंजन कुमार के आवासीय परिसर से, बाबा भोलेनाथ का मनमोहक झांकी सह बारात भी निकाली गयी। भगवान भोलेनाथ की यह मनमोहक बारात, संपूर्ण लोहागीर गांव का भ्रमण करते हुए, बाबा बौधबली स्थान पहुंचा। जहां स्थानीय ग्रामीण महिलाओं ने माता पार्वती की ओर से, बाबा भोलेनाथ का द्वार स्वागत किया। भगवान शिव के इस बारात में शामिल लोहागीर सरपंच निरंजन कुमार, मिथिला मिल्क यूनियन के चेयरमैन उमेश राय, लोहागीर मुखिया प्रभात कुमार सुमन, समाजसेवी शिव शंकर पोद्दार, लक्ष्मण राय, पंचायत समिति सदस्य चंदन कुमार, विजय कुमार नीरज, आदि भक्तिभाव से सराबोर होकर झूमते नजर आए। इस दौरान मंदिर परिसर में भंडारे की भी व्यवस्था की गयी थी। जहां भक्तजन प्रसाद ग्रहण कर रहे थे।महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर बाबा बौधबली स्थान में, सुबह से लेकर देर शाम तक भजन संध्या का भी आयोजन किया गया था। कलाकारों के द्वारा प्रस्तुत इस भजन संध्या पर, स्थानीय लोगों के साथ साथ अन्य जगहों से आए भक्तजन भी देर रात तक इस भक्तिरस में सराबोर होकर झूमते रहे। इस दौरान बाबा भोले नाथ का सामूहिक रुद्राभिषेक भी किया गया। इस दौरान लोहागीर पंचायत के इस चर्चित शिव मंदिर मे, महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव व माता पार्वती जी के विवाह के लीला का आयोजन भी, बड़े ही धूमधाम से किया गया था। महाशिवरात्री के इस मेला में घुमने आए बच्चों ने, जिलेबी तथा चटपटी सामानों का भी भरपुर लुत्फ उठाया। इस दौरान संपूर्ण लोहागीर गांव हर हर महादेव के उद्घघोष से शिवमय बना रहा।







