अरविन्द कुमार/समस्तीपुर:[ बिहार की आवाज ] नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर मुहल्ला स्थित आरपी मिश्रा रोड में, रोड से सटे सदर अस्पताल की चहारदीवारी के गिरने से, चहारदीवारी के नीचे दबकर एक स्नातक के छात्र सहित 3 लोग जख्मी हो गए। घायलों में शामिल स्नातक के छात्र का ईलाज सदर अस्पताल समस्तीपुर में, व 2 अन्य घायलों का ईलाज शहर के एक निजि अस्पताल में किया जा रहा है। घटना रविवार 19 मई की सुबह करीब 9:30 बजे की है। घटना के बाद पुरे आरपी मिश्रा रोड में अफरातफरी का माहौल बन गया। घायलों में सदर अस्पताल में भर्ती युवक की हालत काफी नाजुक बतायी जा रही है।

इस घटना में घायल युवक की पहचान काशीपुर मुहल्ला के वार्ड संख्या 34 निवासी, अवध शाह के 23 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में की गयी है, दो अन्य घायलों के निजि अस्पताल में चले जाने के कारण उसकी पहचान नही हो पायी है। उधर स्थानीय लोगों ने तत्काल इस घटना की सुचना डायल नंबर 112 तथा, नगर थाने की पुलिस को दिया। सुचना देने के घंटों बाद भी घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस के नहीं पहुंचने के कारण, स्थानीय लोग काफी आक्रोशित नजर आ रहे थे। वहीं काफी देर बाद सदर एसडीओ अनिल कुमार व सिविल सर्जन समस्तीपुर डॉ एसके चौधरी के घटनास्थल पर पहुंचने, व घायल लोगों के समुचित ईलाज का भरोसा मिलने के बाद स्थानीय लोग शांत हो गए। उधर हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि, इस रास्ते से होकर हमेशा सैकड़ो की संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है, इसलिए सड़क पर फैले मलवा के अंदर और भी लोगों के फंसे होने की आशंका से इनकार भी नही किया जा सकता है, क्योंकि हादसा स्थल पर कई मोटरसाईकिल व साईकिल भी मलबा के अंदर दबे नजर आ रहे थे। इस दौरान बाईक सवार लोगों का कोई अता-पता भी नहीं चल रहा है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का बताना है कि विगत दो वर्षों से सदर अस्पताल परिसर में मॉडल अस्पताल भवन का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। जिसके कारण पुराने पोस्टमार्टम भवन के पास हजारों टन बालू लाकर डंप किया गया है। बीते रात को भी निर्माण एजेंसी के द्वारा जेसीबी की मदद से, बालू को देर रात तक डंप किया जा रहा था। जिसके कारण आरपी मिश्रा रोड के तरफ से सदर अस्पताल में बने चहारदीवारी पर काफी ज्यादा लोड आ गया। जिसे वह चहारदीवारी सहन नही कर पाया, और एक जोरदार आवाज के साथ ताश के पत्तों की तरह भरभराकर करीब 50 फीट में दीवार गिर गया। जिसकी चपेट में आकर एक चाय नाश्ते की दुकान, दुकान के पास खड़ा रोहित कुमार नाम का छात्र व दो अन्य राहगीर जख्मी हो गए। दीवार रोहित कुमार के पुरे शरीर पर गिर गया। जिसके कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में ईलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया। जहां गंभीर स्थिति में उसका ईलाज जारी है। वहीं दो अन्य घायल लोगों का शहर के किसी निजि अस्पताल में ईलाज किया जा रहा है। उधर घटना की सुचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे सदर एसडीओ ने बताया कि, इस हादसे में घायल सभी लोगों को बेस्ट चिकित्सा सेवा उपलब्ध करायी जाएगी। दीवार का निर्माण कुछ माह पुर्व ही करायी गयी थी, उसके बाद भी दीवार गिर गया। इसलिए एक टीम का गठन कर इस मामले की जांच करायी जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी दोषी होंगे। उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।







