भाकपा-माले के नेतृत्व में डीजे/ट्रॉली संचालकों का समाहरणालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार की आवाज। संवाददाता। समस्तीपुर। जिला मुख्यालय के सरकारी बस पड़ाव में, डीजे/ट्रॉली संचालकों का धरना शनिवार 28 फरवरी को दुसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान डीजे/ट्रॉली संचालकों ने अपनी मांगों को लेकर जिला समाहर्ता के समक्ष जोरदार प्रदर्शन भी किया। मौके पर मौजूद डीजे/ट्रॉली संचालक डीजे एवं साउंड संचालक को अनुज्ञप्ति देने, सभी संचालको के ट्राली डीजे के लिए नियम कायदे निर्धारित करने, एवं पुलिसिया दमन पर रोक लगाने की मांग आदि से संबंधित जोरदार नारे भी लगा रहे थे।

महाधरना स्थल पर जिलाध्यक्ष ललन प्रसाद यादव की अध्यक्षता में एक प्रतिरोध सभा का आयोजन भी किया गया। जिसे भाकपा माले के वरीय नेता महावीर पोद्दार, टेन्ट यूनियन के जिला अध्यक्ष रंजन कुमार शर्मा, संजय कुमार,भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष नीलेश कुमार, जिला सचिव वसंत कुमार, सपना किन्नर, हरिशंकर प्रसाद, विशेश्वर महतो, सुशील सावन, अर्जुन दास, चंदन कुमार सहनी, सहित अन्य वक्ताओं ने सम्बोधित किया। प्रतिनिधि मंडल एडीएम एवं अनुमंडल पदाधिकारी से मिलकर तीन सूत्री मांगों पर वार्ता की।

महाधरना स्थल पर पहुंच कर समस्तीपुर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि, सर्वोच्च न्यायालय और सरकार की दिशा निर्देश के अनुरूप आन्दोलनकारियों की मांग पर समन्वय और सहमति बनाई जाएगी, और आंदोलनकारियों के मांगों को सरकार तक अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेज दिया जाएगा। आन्दोलनकारियों ने ऐलान किया है मांग पूरी होने तक चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता महावीर पोद्दार ने कहा कि ट्राली डीजे एवं साउंड संचालक पर दमनात्मक कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि गरीबों को न्याय बंद कमरे में नहीं मिल सकता, उनको न्याय जन सन्घर्ष में सड़कों पर ही मिल सकता है। वहीं टेन्ट यूनियन के रंजन कुमार शर्मा ने सभी ट्राली, डीजे एवं साउंड संचालक को अनुज्ञप्ति देने की मांग उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *