???? बिग ब्रेकिंग: लोकसभा चुनाव में जिला प्रशासन के द्वारा इस्तेमाल की गयी वाहनों का दो माह बाद भी नही हुआ भुगतान, मोटर व्यवसाय से जुड़े लोगों ने जिलाधिकारी से की शिकायत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अरविन्द कुमार/अमित कुमार:[ समस्तीपुर ] लोकसभा चुनाव 2024 में जिला प्रशासन के द्वारा, चुनाव कार्यो में इस्तेमाल की गई वाहनों का भुगतान, चुनाव समाप्ति के दो महीना बाद भी नहीं किए जाने से, नाराज मोटर व्यवसाय से जुड़े लोगों ने, मंगलवार 09 जुलाई को इसकी लिखित शिकायत जिलाधिकारी समस्तीपुर से करते हुए, अविलंब भुगतान की मांग की है। उक्त आशय से संबंधित एक शिकायती आवेदन पत्र भी, मोटर व्यवसाय से जुड़े लोगों ने जिलाधिकारी समस्तीपुर को मिलकर सौंपा है।

जिसके आलोक में, जिलाधिकारी ने उन लोगों को आश्वस्त किया है कि, तीन दिनों के अंदर चुनाव कार्य में इस्तेमाल की गयी, सभी वाहन मालिकों को संबंधित राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। अगर तीन दिनों के अंदर राशि का भुगतान उनलोगों को नहीं की जाती है तो, एक बार फिर से मिलने की बात कही है। उक्त संबंध में जानकारी देते हुए मोटर व्यवसाय से जुड़े लोगों का बताना है कि, लोकसभा चुनाव 2024 की समाप्ति के करीब दो महीना बाद भी, अभी तक वाहन स्वामियों का भुगतान नहीं हो पाया है, जबकि सीमावर्ती सभी जिलों में लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल की गयी, वाहनों के मुआवजे की राशि का भुगतान कर दिया गया है। इस दौरान जिलाधिकारी से मुलाकात करने आए मोटर व्यवसायियों का बताना था कि, संघ के प्रतिनिधि कई बार जिला परिवहन पदाधिकारी एवं अपर समाहर्त्ता (आपदा) से मिलकर मुआवजा भुगतान का अनुरोध कर चुके हैं। बाबजूद अभी तक भुगतान नही हो पाया है। जब भी वह लोग उनसे मिलते हैं तो, केवल आश्वासन ही दिया जाता है, जबकि चुनाव पूर्व वाहन स्वामियों के साथ हुई दो-दो बैठकों में, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं अपर समाहर्त्ता (आपदा) के द्वारा, चुनाव समाप्ति के एक सप्ताह के अंदर ही सम्पूर्ण मुआवजा का भुगतान, करने की बात कही गयी थी। परंतु उनका यह दावा भी खोखला साबित हुआ। इस दौरान उनलोगों का यह भी कहना था कि, चुनाव में कई बसें एवं ट्रक तीन-तीन महीनों तक चुनाव कार्य के लिए सम्पूर्ण प्रदेश में घुमती रही है। जिसका भुगतान नही होने के कारण, उन गाड़ियों के फाइनेंसर का किस्त बकाया चल रहा है। इसलिए यह भी संभव है कि उन वाहनों को संबंधित फाईनेंसर कभी भी वापस ले जा सकते हैं। पूर्व के चुनाव में भी इस तरह के भुगतान के मुद्दे पर, संबंधित पदाधिकारियों का रवैया टाल मटोल का रहा है। जिसके कारण दर्जनों वाहन मालिकों का भुगतान आज तक लंबित है। इस बात का डर भी उनलोगों को काफी सता रहा है। हालांकि उनलोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित एक शिकायती पत्र जिलाधिकारी समस्तीपुर को उपलब्ध करा दिया है। जिसके बाद जिलाधिकारी समस्तीपुर के द्वारा यह आश्वस्त किया गया है कि, आने वाले तीन दिनों में उनलोगों को मुआवजे की राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *