
अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:[ समस्तीपुर] जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के आवास पर, ड्यूटी में तैनात एक होमगार्ड के जवान की मौत हृदय गति रुकने से हो गई।

मृत होमगार्ड जवान की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के फुलहरा गांव निवासी, त्रिवेणी प्रसाद के 59 वर्षीय पुत्र राम प्रसाद कुंवर के रूप में की गई है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार 24 जुलाई की देर रात एसपी आवास में ड्यूटी पर तैनात, होमगार्ड जवान रामप्रसाद कुंवर की अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें सीने में तेज दर्द होने लगा था।

जिसके बाद उनके साथियों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। होमगार्ड जवान रामप्रसाद कुंवर की मौत की खबर मिलते ही, होमगार्ड जवान के अन्य साथियों के बीच मातम सा छा गया। मृत होमगार्ड जवान के अन्य साथी सदर अस्पताल पहुंच उनके शव को गृहरक्षा वाहिनी कार्यालय पर ले जाकर, उनके पार्थिव शरीर को सलामी दिया, तथा उनके पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर, पुष्पांजलि व श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस दौरान बिहार गृह रक्षा वाहिनी संघ समस्तीपुर की ओर से, मृतक के आश्रित को मृतक के दाह-संस्कार के लिए, 5 हजार रूप्ये तथा गृह रक्षा वाहिनी के डीएसपी द्वारा 15 हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि दी गयी।

इस दौरान गृह रक्षा वाहिनी के डीएसपी ने बताया कि, होम गार्ड जवान राम प्रसाद कुंवर जी की बीती रात को अचानक तबीयत खराब होने के बाद ईलाज के दौरान मौत हो गयी है। तत्काल उनके परिजन को 15 हजार रूपए की सहायता राशि उपलब्ध करायी गयी है। आने वाले दिनों में जल्द से जल्द उनके परिवार वालों को सभी प्रकार की सरकारी सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी







