
अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:[ समस्तीपुर ] ताजपुर प्रखंड अंतर्गत मोतीपुर गांव में, मोतीपुर बंगली शाखा की विस्तारित बैठक, शनिवार 03 अगस्त को आयोजित की गयी। आयोजित इस बैठक में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि, प्रीपेड मीटर में कई प्रकार की खामियां पायी गयी है।

जिसमें प्रीपेड मीटर का सिर्फ तेज चलना ही नहीं, बल्कि रिचार्ज के बाबजूद कई दिनों तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होना, सर्वर डाउन रहने पर रिचार्ज नहीं होना,रिचार्ज होने के बाद भी मैसेज नहीं आना, शॉर्ट-सर्किट होने पर उच्च केवीए ऑटो दर्ज हो जाना, और उसी के अनुसार लगातार चार्ज लगना, मीटर खराब होने या अन्य गड़बड़ी होने पर स्थानीय स्तर पर सुधार करने की व्यवस्था नहीं होना आदि शामिल है।
इस दौरान भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि, बिजली विभाग के अधिकारियों को चाहिए कि, अगर उनके द्वारा लगाया गया प्रीपेड मीटर सही है तो, इस प्रीपेड मीटर की विश्वसनीयता की जांच, जिलाधिकारी, पत्रकार एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने डेमो करके किया जाए, लेकिन इस प्रकार की जांच के लिए बिजली विभाग के एक भी पदाधिकारी तैयार नही होंगे।
इस दौरान किसान महासभा के नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने, बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, आखिर प्रीपेड मीटर पहले सरकारी कार्यालय एवं अधिकारियों के आवास में क्यों नहीं लगाया जा रहा है ? ऐसा इसलिए कि प्रीपेड मीटर जिनके यहां लगा है, वह मीटर के तेज चलने तथा बिजली बिल ज्यादा आने की शिकायत, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। बैठक में राजदेव प्रसाद सिंह, बासुदेव राय, प्रमिला देवी, शीला देवी, हीरा सिंह आदि ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।







