



अरविन्द कुमार/अमित कुमार: [उजियारपुर] उजियारपुर प्रखंड के सबसे सुंदर, स्वच्छ, निर्मल, व शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित उच्च माध्यमिक विद्यालय गावपुर परिसर स्थित पंचायत भवन तथा स्वास्थ्य उपकेन्द्र भवन के प्रांगण में एक साथ, स्वतंत्रता दिवस समारोह काफी हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया।

इस दौरान उच्च माध्यमिक विद्यालय गावपुर में विद्यालय के प्राध्यापक संजय भारती, पंचायत भवन पर गावपुर मुखिया अजय कुमार तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र पर प्रभारी ने ध्वजारोहण किया, तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान समारोह में मौजूद स्थानीय ग्रामीणों व बच्चों को जानकारी देते हुए, गावपुर मुखिया अजय कुमार ने बताया कि, भारत में स्वतंत्रता दिवस का यह राष्ट्रीय महापर्व हर वर्ष, 15 अगस्त को देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।

ऐसा इसलिए कि यह दिन हमें यह याद दिलाता है कि, कैसे हमलोग करीब 200 वर्षों तक के ब्रिटिश शासनकाल के गुलामी वाली जंजीरों को तोड़कर आजाद हुए थे। जिसके उपलक्ष्य में हमलोग इस बार देश का 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। इस दौरान गावपुर मुखिया ने यह भी कहा कि, इस आजादी को पाने के लिए भारतवासियों ने 200 सालों तक अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी।

भारत की यह स्वतंत्रता अदम्य साहस, बलिदान और चट्टानी एकता के बदौलत मिली है। सन् 1857 के विद्रोह से लेकर भारत छोड़ो आंदोलन तक, हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने हमारी स्वतंत्रता के लिए, अनेकों खतरनाक चुनौतियों का सामना किया । स्वतंत्रता दिवस एक ऐसा दिन है जो हमें स्वतंत्र और सुरक्षित महसूस कराता है।

यह हमारे उन महान बलिदानों की प्रेरक यात्रा, व निरंतर संघर्ष के प्रयासों की याद दिलाता है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, शांतिपूर्ण विरोध की अवधारणा के माध्यम से महात्मा गांधी जी ने, भारत को असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन तथा भारत छोड़ो आंदोलन दिया। गांधी जी के इस आंदोलन में लोग बड़े पैमाने पर शामिल होने लगे, काफी लंबे संघर्ष के बाद भारत को अंग्रेजों से आजादी मिली।

इसी उपलक्ष्य में 15 अगस्त 1947 को भारत को एक स्वतंत्र राष्ट्र घोषित किया गया। भारत को आजादी दिलाने के लिए महात्मा गांधी, शहीद भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, मंगल पांडे, चंद्रशेखर आजाद सहित, अनेकों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति तक दे डाली। इधर उच्च माध्यमिक विद्यालय गावपुर के प्रधानाध्यापक संजय भारती ने, विद्यालय परिसर में मौजूद बच्चों को संबोधित करते हुए, शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय की ओर से किए जा रहे, प्रयासों एवं विद्यालय के योगदान की भी चर्चा की।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने, नाटक “सोशल मीडिया और शिक्षा का महत्व” का मंचन भी किया, साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य, व लोक नृत्य ने विद्यालय परिसर में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

इस पावन अवसर पर गावपुर सरपंच मोहम्मद गजाली, उपमुखिया पवन कुमार पासवान, पंचायत सचिव शिवनारायण पासवान, सूरज सिंह, प्रेम कुमार, तथा शिक्षकों में सुशील कुमार सुमन, राहुल वत्स, मनोज कुमार सिन्हा, नसरीन मजहर, दयानंद राय, कुमारी प्रवीणा, पूनम कुमारी, वंदना रमन, सुधा कुमारी, चंदन प्रसाद, ज्योतिष कुमार, शिव शंकर रजक, राजीव कुमार, सोनी कुमारी, उमेश कुमार, अनिल कुमार, विभा कुमारी, विक्रम कुमार शर्मा समेत अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी आदि मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय मुखिया अजय कुमार ने, पंचायत में चलाई जा रही, लोक कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार रूप से प्रकाश भी डाला।