समस्तीपुर। समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी अपना भाग्य आजमा रहे विधायक प्रत्याशियों में करोड़पतियों की कोई कमी नही है। समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद के लिए चुनावी समर में उतरे अभ्यर्थियों में राजद के वर्तमान विधायक सह महागठबंधन प्रत्याशी अख्तरुल इस्लाम शाहीन, जनसुराज पार्टी के मनोज कुमार सिंह, स्वतंत्र प्रत्याशी चेतना झाम्ब, एनडीए गठबंधन प्रत्याशी अश्वमेध देवी व एसयूसीआई (सी) पार्टी के प्रत्याशी राकेश कुमार के पास भी करोड़ों की संपति है।

हालांकि आपराधिक मामलों में दर्ज मुकदमों की बात करें तो, समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक राजद के अख्तरुल इस्लाम शाहीन के द्वारा निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए शपथ पत्र के अनुसार 04 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं अपना किसान पार्टी के प्रत्याशी इरशाद अहमद व भारतीय संपूर्ण क्रांतिकारी पार्टी के विधायक प्रत्याशी नितेश कुमार सिन्हा के द्वारा निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए शपथ पत्र के अनुसार दोनों प्रत्याशियों के विरुद्ध क्रमशः एक-एक आपराधिक मामले दर्ज है।
वहीं अपना किसान पार्टी के इरशाद अहमद, भारतीय संपूर्ण क्रांतिकारी पार्टी के नितेश कुमार सिन्हा, आदर्श मिथिला पार्टी के प्रेमजीत कुमार, आम आदमी पार्टी के राजन कुमार, द प्लूरल्स पार्टी के शिवम कुमार राज व बहुजन समाज पार्टी के विनय कुमार राम भी लाखों के संपत्ति के मालिक हैं।
वहीं शिक्षा के मामले में महागठबंधन उम्मीदवार अख्तरुल इस्लाम शाहीन 12वीं पास हैं, तो जदयू व एनडीए घटक दल की प्रत्याशी अश्वमेध देवी मात्र 5वीं क्लास तक की ही पढ़ाई की है।
उधर स्वतंत्र उम्मीदवार चेतना झाम्ब ने स्नातक, राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी के दिनेश कुमार राय ने 10वीं, अपना किसान पार्टी के इरशाद अहमद ने ग्रेजुएशन प्रोफेशनल, जनसुराज पार्टी के मनोज कुमार सिंह ने स्नातकोत्तर, भारतीय संपूर्ण क्रांतिकारी पार्टी के नितेश कुमार सिन्हा ने 10वीं, आम आदमी पार्टी के राजन कुमार स्नातक, एसयूसीआई (सी) के राकेश कुमार स्नातकोत्तर, बहुजन समाज पार्टी के विनय कुमार राम स्नातक तक की पढ़ाई की है।
वहीं आदर्श मिथिला पार्टी के प्रेमजीत कुमार सिर्फ हस्ताक्षर करने तक ही पढ़ाई किया है। निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष प्रसुत किए गए दस्तावेजों के अनुसार, समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक पद के उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा संपत्ति वाले उम्मीदवार एनडीए गठबंधन के अश्वमेध देवी हैं, जिनके पास करीब 7 करोड़ की संपत्ति है।
वहीं सबसे ज्यादा गरीब उम्मीदवार द प्लूरल्स पार्टी के शिवम कुमार राज हैं। जिनके पास कुल 1 लाख की ही संपत्ति है। वहीं सबसे ज्यादा शिक्षित उम्मीदवारों में जनसुराज पार्टी के मनोज कुमार व एसयूसीआई(सी) के राकेश कुमार का नाम शामिल है।







