शिव उदय सिंह: (बेगूसराय) जिले के मंसुरचक थाना अंतर्गत साठा गांव के एक बगीचे से, एक नाबालिग किशोर का सिरकटी लाश मिलने के बाद ईलाके में सनसनी फैल गयी। उधर सिरकटी लाश मिलने की सुचना जैसे ही स्थानीय लोगों को हुई, सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर उमड़ पड़े।

इसी दौरान घटनास्थल के पास झाड़ियों के पीछे छिपे एक युवक को, धारदार हथियार के साथ स्थानीय लोगों ने पकड़कर मंसुरचक पुलिस के हवाले कर दिया। मृत नाबालिग किशोर की पहचान, मंसुरचक थाना क्षेत्र के साठा गांव निवासी, अनिल महतो के 12 वर्षिय पुत्र अंकुश कुमार के रूप में की गयी है।
वहीं घटना की सुचना मिलने के बाद मृतक किशोर के परिजनों के बीच कोहराम मच गया। रो रोकर सबका बुरा हाल हो रहा था। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अपने घर पर खाना खाकर, खेलने जा रहा है बोलकर अपने घर से बाहर निकलकर, घर के पीछे करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित, एक बगीचे में खेलने चला गया।
काफी देर बाद तक जब उक्त किशोर वापस लौटकर अपने घर नही आया तो, घरवालों ने खोजबीन शुरू कर दी। खोजने के क्रम में ही जब वह घर के पीछे वाले बगीचा में गए तो, उनके होश उड़ गए। सामने उनके नाबालिग किशोर की सिरकटी लाश पड़ी हुई थी। जिसका सर धड़ से अलग था।
जिसके बाद मृतक के परिजन घटनास्थल पर ही दहाड़ें मारकर रोने लगे। उक्त बगीचे में चारों तरफ चीख पुकार मच गयी। इधर रोने व चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जूट गयी। भीड़ में से ही किसी ने एक युवक को झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ देखा। जब उक्त युवक को झाड़ियों के पीछे से निकाला गया तो, उसके हाथ में धारदार पघरिया रखा हुआ था। जिसे स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।







