अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:( समस्तीपुर) जिले के ताजपुर प्रखंड अंतर्गत फलमंडी से विद्यूत उपभोक्ताओं ने भाकपा माले, आरवाईए के बैनर तले प्रीपेड स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने, 24 घंटे बिजली आपूर्ति की व्यवस्था करने, विद्यूत सेवा शुल्क, मीटर शुल्क, एवं लोड शुल्क पर रोक लगाने, झारखंड के तरह बिहार में भी 2 सौ यूनिट फ्री बिजली देने आदि मांगों को लेकर जुलूस निकाला, जो बाजार क्षेत्र में नारे लगाकर भ्रमण करते हुए पुनः फलमंडी पहुंचकर जुलूस सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता आरवाईए के प्रखंड उपाध्यक्ष मोहम्मद एजाज ने किया। मौके पर सभा को संबोधित करते हुए विद्यूत सुधार संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सह भाकपा-माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि, प्रीपेड मीटर तेज चलने की खबरें लगातार आ रही है।
जिन उपभोक्ताओं के डिजिटल मीटर का बिल 250-300 रूपये आता था, प्रीपेड मीटर लगते ही उनका बिल 5 सौ रूपये से अधिक आने लगा। यह सत्यापित जानकारी है कि एक किलोवाट लोड का प्रीपेड मीटर का इलेक्ट्रीक बिल एवं मीटर रेंट 10 रूपये हैं। स्वभाविक है कि महीने का 3 सौ और साल का 36 सौ रूपये बिना बिजली जलाये ही विभाग वसूलती है।
लोड जुर्माना के नाम पर प्रति महीना 80 रुपये वसूलती है। यह जनता की गाढ़ी कमाई का लूट है और इस लूट का विरोध किया जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, प्रीपेड मीटर कंपनी ऊर्जा विभाग के निदेशक सह सरकार के प्रधान सचिव संजीव हंस को मर्सिडीज कार गिफ्ट दें दी।
चंडीगढ़ में 95 करोड़ रूपये का रिसोर्ट गिफ्ट कर दी है। ईडी के छापेमारी में 87 लाख नगद, 13 किलो चांदी, सोना व अन्य आभूषण जब मिलता हो तो स्वभाविक है कि प्रीपेड मीटर पर सवाल उठेगा ही। उन्होंने आगे कहा कि सबसे गरीब राज्य में सबसे महंगी बिजली आपूर्ति करना एक ओर उपभोक्ताओं का शोषण है, और दूसरी ओर मर्सिडीज, रिसोर्ट आदि की कीमत की कंपनी द्वारा भरपाई है।
उन्होंने आश्चर्य भरे लिहजे में कहा कि अब तो प्रीपेड मीटर हैक होने की चर्चा भी हो रही है। माले नेता ने कहा कि आखिर प्रीपेड मीटर में अंदरुनी क्या गड़बड़ी है कि सरकारी विभाग, कार्यालय, अधिकारियों के आवास आदि जगहों पर प्रीपेड मीटर नहीं लगा रही है।
उन्होंने प्रीपेड मीटर पर रोक लगाने, प्रतिदिन 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की गारंटी करने, दिल्ली की तर्ज पर 2 सौ यूनिट फ्री बिजली देने, मीटर रेंट, लोड चार्ज एवं लोड जुर्माना समेत अतिरिक्त चार्ज वापस लेने, जबरदस्ती प्रीपेड मीटर लगाने पर रोक लगाने, प्रीपेड मीटर का बिल देने की व्यवस्था करने की मांग की है।
अन्यथा आंदोलनरत जनता के साथ मिलकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। मौके पर मोहम्मद कयूम, मोहम्मद अबुबकर, शंकर महतो, संजीव राय, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, संजीव राय, मोहम्मद जाकीर, मुकेश कुमार गुप्ता समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।







