अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:(सरायरंजन) जिले की सरायरंजन थाने की पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए, थाना क्षेत्र से लुटी गयी मद्य निषेध विभाग की पंपलेट लोड पिकअप को, कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के बिक्रमपुर गांव से बरामद करते हुए 04 लुटेरे को भी गिरफ्तार कर लिया है।

इस दौरान बदमाशों के द्वारा लूट की घटना को अंजाम देने में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो चार पहिया वाहन भी बरामद किया है। साथ ही गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूट में प्रयुक्त ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल, रीयलमी कंपनी का एक मोबाइल तथा वीवो कंपनी का एक मोबाइल भी बरामद किया गया है।
बरामद दोनों चार पहिया वाहन पिकअप और स्कॉर्पियो को सरायरंजन पुलिस जप्त कर थाने लेती चली गयी। गिरफ्तार सभी लुटेरों की पहचान, सरायरंजन थाना क्षेत्र के गंगसारा वार्ड 13 निवासी दुक्खन गिरी के 22 वर्षिय पुत्र मिथुन गिरी, सरायरंजन थाना क्षेत्र के ही रायपुर बुजुर्ग निवासी, अनिल पुरी के 25 वर्षिय पुत्र रजनीश पुरी, ताजपुर थाना क्षेत्र के सोंगर गांव निवासी अरविन्द गिरी के 20 वर्षिय पुत्र रौशन गिरी तथा कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के विक्रमपुर बांदे गांव निवासी नागेश्वर राय के पुत्र संजय कुमार के रूप में की गयी है।
उक्त जानकारी एएसपी सह एसडीपीओ सदर वन संजय कुमार पांडेय ने, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दिया।
एसडीपीओ कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए, एएसपी सह एसडीपीओ सदर वन संजय कुमार पांडेय ने बताया कि, जहानाबाद जिले मखदुमपुर थाना अंतर्गत प्रताप बिगहा निवासी रविकुमार, पटना से मद्य निषेध विभाग का नशामुक्त बिहार का पंपलेट लेकर उत्पाद थाना मधेपुरा के लिए चला था।
जैसे ही पिकअप चालक जिले के सरायरंजन थाना अंतर्गत वरूणा पुल के पास पहुंचा, वरूणा पुल के पास पहले से घात लगाए बाईक सवार दो बदमाशों ने, तथा एक स्कॉर्पियो पर सवार अज्ञात बदमाशों ने पिकअप चालक को पिस्तौल का भय दिखाकर उससे पिकअप लूट लिया तथा भाग निकले।
जिसकी सुचना पिड़ित युवक ने सरायरंजन थानाध्यक्ष को दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सरायरंजन ने पुलिस अधीक्षक महोदय, समस्तीपुर को घटना की जानकारी दिया। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक महोदय के द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए, उनके नेतृत्व में तत्काल एक टीम का गठन कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
जिसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाशों के भागने वाली दिशा में उसका पीछा करने लगे, तथा इसकी सुचना मुसरीघरारी थानाध्यक्ष को भी दिया गया। इधर सुचना मिलने के बाद मुसरीघरारी पुलिस भी बदमाशों के भागने वाली संभावित रास्तों में बदमाशों की खोजबीन करने लगी, तथा इसकी सुचना पुरे जिला के चेकपोस्ट को देकर चौकन्ना रहने को कहा गया।
इसी दौरान थानाध्यक्ष सरायरंजन को गुप्त सुचना मिली कि, वैसी ही पिकअप व स्कॉर्पियो को बिक्रमपुर बांदे गांव की तरफ जाते हुए देखा गया है। सुचना मिलते ही छापामारी टीम के द्वारा पीछा करते हुए लूटी गयी पिकअप को बिक्रमपुर बांदे गांव से बरामद कर लिया गया, साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो के साथ साथ घटना में शामिल बदमाशों में से 04 बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि इस दौरान अन्य बदमाश मौके से भागने में सफल रहे। गिरफ्तार बदमाशों ने स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि, वह लोग सक्रिय एवं पेशेवर अपराधकर्मी संतोष सहनी गिरोह के सदस्य हैं, तथा इस घटना को उनलोगों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है।
एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने यह भी बताया कि, गिरफ्तार सभी बदमाश शराब के कारोबार से जुडें हुए हैं। एएसपी श्री पांडेय ने यह भी बताया कि, मौके से फरार सभी अपराधकर्मियों की भी पहचान कर ली गयी है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है।
मौके पर सरायरंजन थानाध्यक्ष विकाश कुमार आलोक, सरायरंजन थाना के अपर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश कुमार, सरायरंजन थाना के पुलिस अवर निरीक्षक प्रिंस प्रशांत भारत, भानू प्रिया, डीआईयू शाखा के अमित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।








