समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर थाना अंतर्गत मथुरापुर टांड़ा चौक पर संचालित कृष्णा ज्वेलर्स में बाईक सवार हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम देते हुए करीब 03 लाख रूपए के आभूषण व नकदी लूटकर फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों ने इस लूटपाट की घटना का विरोध करने पर ज्वेलर्स दुकानदार को गोली भी मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

उधर घटना की सुचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस घायल दुकानदार को ईलाज के लिए तत्काल पीएचसी कल्याणपुर में भर्ती कराया। जहां घायल दुकानदार की बिगड़ती हालत को देखकर सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया गया। जहां उसका ईलाज किया जा रहा है। जख्मी दुकानदार की पहचान सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना अंतर्गत भाव गांव निवासी रामशरण साह के 50 वर्षिय पुत्र फूलबाबू साह के रूप में की गयी है।
घटना के संबंध में ज्वेलर्स दुकानदार फुलबाबू साह का बताना है कि, वह अपने दुकान पर ही थे कि, इसी दौरान एक ही बाईक पर सवार तीन की संख्या में बदमाशों ने उनके दुकान पर धावा बोल दिया तथा, उनकी दुकान से हथियार के बल पर लूटपाट करने लगे। जिसका विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मारकर जख्मी कर दिया, तथा भाग निकले।
वहीं पुलिस कप्तान समस्तीपुर अशोक मिश्रा का बताना है कि, कृष्णा ज्वेलर्स नामक दुकान है लेकिन यहां बर्तन के साथ साथ चांदी का सामान भी बेचा जाता है। इसी दुकान में बाईक सवार बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है, तथा विरोध करने पर दुकानदार को गोली भी मारी है।
जिनका ईलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने करीब डेढ़ से दो लाख रूपए के चांदी की लूट की है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए दो टीमें गठित कर दी गयी है। एक टीम लगातार अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी करेगी, तथा दुसरी टीम तकनीकी अनुसंधान करेगी।
बदमाशों का सत्यापन व पहचान किया जा रहा है। बहूत जल्द उन बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का सफल उद्भेदन कर दिया जाएगा।







