समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत स्थित सरस्वती चौक से जलेबी चौक तक मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से निर्मित सड़क पर मुख्यमंत्री ग्रामीण सडक उन्नयन योजना के घटक ग्रामीण सड़क सुदृढीकरण एबं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत की जा रही सड़क निर्माण में, भारी अनियमितता देखकर स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।

इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने स्पष्ट तौर पर कहा कि, मिट्टी युक्त घटिया गिट्टी व घटिया क्वालिटी का सीमेंट संवेदक के द्वारा सड़क निर्माण कार्य में इस्तेमाल किए जाने के कारण यह सड़क बनने के करीब 12 घंटों के अंदर ही बीचोंबीच से टूटने लगा है। इस दौरान स्थानीय वार्ड संख्या 14 के ग्रामीणों में बिधन सहनी, सोनू झा, सुरेश सहनी व मनोज सहनी के साथ साथ मोहम्मद चांद, मोहम्मद ईम्तियाज आदि का बताना है कि, पत्थर मिली गिट्टी के द्वारा सड़क का निर्माण कराया जा रहा है जो नियम विरुद्ध है।
ग्रामीणों का बताना है कि लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत के सरस्वती चौक से जलेबी चौक की ओर जाने वाली इस पक्की सड़क का, मुख्यमंत्री ग्रामीण सडक उन्नयन योजना के घटक ग्रामीण सड़क सुदृढीकरण एबं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। जिस सड़क का निर्माण पूर्व में ही मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत उजियारपुर विधायक आलोक कुमार मेहता के द्वारा वर्ष 2021 कराया जा चुका है।
बावजूद सड़क निर्माण एजेंसी कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल दलसिंहसराय के संवेदक द्वारा इस कार्य में लापरवाही किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीण सुरेश सहनी का बताना है कि, कल जिस समय सड़क पर मेटेरियल को रखा जा रहा था, उसी समय उनलोगों ने कहा था कि, एक तो घटिया निर्माण सामग्री से सड़क निर्माण कराया जा रहा है, साथ में मेटेरियल भी काफी पतला है।
जिससे सड़क अच्छा नही बनेगा! और हुआ भी वही। शनिवार 27 सितम्बर की शाम को तैयार की गयी सड़क, रविवार 28 सितम्बर की सुबह 6 बजे ही करीब 100 मीटर के दायरे में बीचोंबीच टूटकर दो भाग में बंट गयी। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने घटिया सामग्री को बदलकर अच्छी व गुणवत्तापूर्ण सामग्री से सड़क निर्माण की मांग की है।
आपको बता दें कि, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बिहार सरकार के द्वारा, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के पूरक के रूप में शुरू की गई योजना है। जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सभी मौसमों में चलने योग्य सड़कों का निर्माण करना व ग्रामीण बस्तियों को मुख्य सड़क मार्गों से जोड़ना है। इस प्रकार की योजना में ही ग्रामीण सड़क उन्नयन और सुदृढ़ीकरण का कार्य भी शामिल है।
वहीं सड़क बनने के 12 घंटों में ही सड़क टूटने की सुचना मिलने के बाद, उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र के भावी विधायक प्रत्याशी बुलबुल साहनी भी, मौके पर पहुंचे तथा पुरी मामले की जानकारी लिए। वहीं इस संबंध में विधायक प्रत्याशी बुलबुल सहनी का बताना है कि, निर्माण एजेंसी के संवेदक से बातचीत हुई है। जिस जगह पर निर्माण किया जा रहा है, उसे कल तक ठीक कर लिया जाएगा। अगर संवेदक के द्वारा उसे ठीक नही कराया जाता है तो, कार्यकारी एजेंसी के खिलाफ वह लोग वरीय पदाधिकारी को पत्राचार करेंगे।
वहीं इस संबंध में कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल दलसिंहसराय प्रवीण कुमार के सरकारी मोबाईल नंबर पर संपर्क की गयी तो उन्होंने बताया कि, हमारे विभाग द्वारा सड़क निर्माण कराया जा रहा है या नही इसकी जानकारी ली जा रही है। अगर हमारे विभाग द्वारा उक्त सड़क का निर्माण अगर कराया जा रहा होगा तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।








