पटना/भागलपुर: बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य को विकसित राज्यों की अग्रणी श्रेणी में स्थापित करने के उद्देश्य से चल रही ‘समृद्धि यात्रा’ के चौथे चरण के तहत मंगलवार 17 मार्च को, भागलपुर एवं बांका जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

भागलपुर में मुख्यमंत्री ने 442 करोड़ रुपये की लागत से कुल 144 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 171 करोड़ रुपये की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन तथा 271 करोड़ रुपये की लागत से 56 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। यात्रा के दौरान उन्होंने जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी पंचायत का दौरा कर पंचायत सरकार भवन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, राजकीय मध्य विद्यालय तथा जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत जीर्णोद्धार किए गए पोखर का निरीक्षण भी किया।
वहीं बांका जिले में मुख्यमंत्री ने 591 करोड़ रुपये की लागत की 219 योजनाओं का शिलान्यास एवं 118 करोड़ रुपये की लागत की 278 योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कटोरिया में नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण भी किया।
दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि, सभी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंच सके।
इसके अलावा भागलपुर और बांका में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री ने आम लोगों को संबोधित करते हुए सरकार की विकास योजनाओं और प्राथमिकताओं की जानकारी दी।







